कांग्रेस के होर्डिंग में भारत का गलत नक्शा, भड़की बीजेपी
कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया
नई दिल्ली (एजेंसी)।
कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही है, लेकिन यह बैठक अपने आयोजन से पहले ही विवादों में घिर गई है। बैठक के लिए लगाए गए बैनरों और पोस्टरों में भारत का गलत नक्शा दिखाए जाने का आरोप भाजपा ने लगाया है। भाजपा का कहना है कि नक्शे में जम्मू कश्मीर के पाकिस्तान अधिकृत हिस्से और अक्साई चिन को भारत का हिस्सा नहीं दिखाया गया है। भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
भारत की संप्रभुता का अपमानः भाजपा
कर्नाटक भाजपा ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस अधिवेशन के पोस्टर की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "कर्नाटक कांग्रेस ने भारत की संप्रभुता का अपमान किया है और बेलगावी के कार्यक्रम में भारत का गलत नक्शा दिखाया है। नक्शे में कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है। यह सब केवल वोटबैंक के तुष्टिकरण के लिए किया जा रहा है, जो बेहद शर्मनाक है।"
भाजपा के सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने इस मुद्दे पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेतृत्व पर कड़ा हमला किया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने जानबूझकर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और अक्साई चिन के हिस्से को भारत के नक्शे से गायब कर दिया है। यह साफ दिखाता है कि कांग्रेस उन ताकतों के साथ है जो भारत को छिन्न-भिन्न करना चाहती हैं।"
No comments:
Post a Comment