जिलाध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस में  रार

 अधिकृत जिलाध्यक्ष के सापेक्ष बन बैठा एक और जिलाध्यक्ष 
मेरठ। मेयर के चुनाव में  दिखी गुटबाजी के बाद स्थानीय कांग्रेसियों में अब फिर से कलेश की नौबत आ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लेकर वकीलों के एक गुट ने अधिकृत जिलाध्यक्ष अवनीश काजला के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उधर अवनीश काजला ने भी पार्टी की छवि धूमिल करने के आरोप में विरोधी गुट के खिलाफ  अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही है।
 दरअसल सरधना में  पार्टी के कुछ पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर मामला गरमाया हुआ है। जिला अध्यक्ष अवनीश काजला का कहना है कि कुछ लोगों ने फर्जी कमेटी बनाकर एक नए जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता  की नियुक्ति दिखा दी। उन्होंने बताया कि फिर उस कमेटी ने बाकायदा सरधना नगर की कमेटी की खुद ही घोषणा कर दी जो पूरी तरह से गलत है। अवनीश काजला के अनुसार ऐसे फर्जी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है तथा हाईकमान को भी अवगत करा दिया गया है। उधर दूसरी ओर पार्टी के विरोधी गुट ने  अवनीश काजला को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने प्रियंका गांधी से लेकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तक से  जिलाध्यक्ष अवनीश काजला की शिकायत की है। पार्टी के पूर्व जिला महासचिव डॉ एमएन खान ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को शिकायती पत्र भेजा है। इसमें आरोप लगाया गया है कि पार्टी के जिलाध्यक्ष पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। उधर दूसरी ओर एडवोकेट जितेंद्र पांचाल ने भी जिलाध्यक्ष अवनीश काजला पर आरोप लगाए हैं। इस पूरे  मामले में अवनीश काजला के खिलाफ बाकायदा थाना सरधना में शिकायत कर उनके खिलाफ  मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। मेरठ बार एसोसिएशन और प्रगति बार एसोसिएशन (सरधना) ने भी जिलाध्यक्ष की शिकायत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से कर उनको पद से हटाने की मांग की है। अधिकृत जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने स्पष्ट किया है कि सरधना में जो नियुक्तियां हुई हैं वह मान्य नहीं हैं। पार्टी उसे स्वीकार नहीं करेगी क्योंकि यह नियुक्ति फर्जी कमेटी बनाकर की गई हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts