वोटबैंक की राजनीति ने पसमांदा मुसलमानों को किया तबाहः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्रभोपाल (एजेंसी)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वोटबैंक की राजनीति करने वालों ने पसमांदा मुसलमानों को तबाह कर दिया है। उनके ही एक वर्ग ने पसमांदा मुसलमानों का शोषण किया है। इस पर कभी चर्चा नहीं हुई। आज भी उन्हें बराबरी का हक नहीं मिलता। उन्हें नीचा और अछूत समझा जाता है। यह सब पिछड़े हैं। इनके साथ इतना भेदभाव हुआ है। हमने सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ इनका भी विकास किया है।
भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ अपने दल के लिए जीते हैं। वह ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार का, कमीशन का, मलाई खाने का, कट मनी का, हिस्सा मिलता है। उनका रास्ता तुष्टिकरण, वोटबैंक का है। गरीब को गरीब बनाए रखने, वंचित को वंचित बनाए रखने से ही उनकी राजनीति चलती है। तुष्टिकरण का यह रास्ता कुछ दिनों तक फायदा दे सकता है, लेकिन यह देश के लिए महाविनाशक होता है। यह देश के विकास को रोक देता है। दूसरी तरफ हम भाजपा के लोग हैं। हमारे संस्कार अलग हैं। हमारे संकल्प बड़े हैं। हमारी प्राथमिकता दल से पहले देश की है।
इससे पहले उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती की भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में बहुत बड़ी भूमिका है। इस वजह से ऐसी ऊर्जावान मध्य प्रदेश की धरती पर मेरा बूथ सबसे मजबूत इस कार्यक्रम का हिस्सा बनते हुए मुझे ह्दय से आनंद आ रहा है। अच्छा लग रहा है। गौरव हो रहा है। कुछ ही देर पहले मुझे देश के छह राज्यों को जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेनों को एक साथ हरी झंडी दिखाने का अवसर भी मिला है। मैं मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र की जनता को इस आधुनिक वंदे भारत ट्रेन की कनेक्टिविटी के लिए बहुत बधाई देता हूं।
कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत
भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आप वर्षभर अपने अपने बूथ पर व्यस्त रहते हैं। केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर देशभर में जो कार्यक्रम हो रहे हैं, उसमें आप जो मेहनत करते हैं, दिन-रात जुटे रहते हैं, उसकी जानकारियां मुझ तक लगातार पहुंच रही है। मैं जब अमेरिका और मिस्र में था, तब भी आपके प्रयासों के बारे में लगातार जानकारी मिलती रहती थी। वहां से आने के बाद सबसे पहले आप सभी से मिलना यह मेरे लिए ज्यादा सुखद है। उन्होंने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए देशहित सर्वोपरि है। दल से बड़ा देश है। जहां दल से बड़ा देश है, ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं से बात करने का मेरे लिए भी एक मंगल अवसर है।


No comments:
Post a Comment