सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी पर सपा नेता मनीष अग्रवाल गिरफ्तार

ऋचा  राजपूत के खिलाफ सपा ने लिखाई एफआईआर 

मनीष और ऋचा एक महीने से ट्वीटर पर कर रहे थे आपत्तिजनक ट्वीट 

लखनऊ - ट्विटर पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के एक पदाधिकारी मनीष जगन अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तारी के विरोध में सपा में माहौल गर्मा गया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव गिरफ्तारी के विरोध में पुलिस महानिदेशक कार्यालय पहुंचे और बाद में वह श्री अग्रवाल से मिलने जेल पहुंच गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सपा मीडिया सेल के ट्विटर से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी किये जाने की शिकायत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा की एक पदाधिकारी ऋचा राजपूत  ने पिछले दिनो की थी। इससे पहले भी श्री अग्रवाल के खिलाफ गोमतीनगर थाने में भी भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी से ट्विटर पर अभद्र टिप्पणी की शिकायत मिली थी। पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था और इसी सिलसिले में उनको गिरफ्तार कर लिया गया।

अग्रवाल की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गये वहीं पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव डीजीपी मुख्यालय पहुंच गये हालांकि उन्हे वहां कोई जिम्मेदारी अधिकारी नहीं मिला जिसके बाद वह लखनऊ जेल के लिये रवाना हो गये। सपा प्रमुख की गतिविधियों की जानकारी खुद पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिये साझा की।

सपा ने ट्वीट किया “ राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पुलिस मुख्यालय, लखनऊ पहुंचे। मुख्यालय में कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं।” बाद में एक अन्य ट्वीट में कहा गया “ राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल से मिलने लखनऊ जेल पहुंचे।”

सूत्रों ने बताया कि मनीष अग्रवाल सपा आईटी सेल की प्रमुख की भूमिका निभा रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से भाजपा नेताओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल हुआ।

इसी बीच समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भी हजरतगंज थाना में एक शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि उप्र भाजपा युवा मोर्चा की सोशल मीडिया इंचार्ज डॉ ऋचा राजपूत ने डिंपल यादव के ट्विटर अकाउंट पर अभद्र टिप्पणी की है। इससे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में रोष है , लिहाजा प्राथमिक सूचना को दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाए।


उल्लेखनीय है कि हजरतगंज पुलिस ने रविवार सुबह मनीष जगन को गिरफ्तार किया था। वह सपा का ट्विटर अकांउट हैंडल करता था। सपा ट्वीट हैंडल से कई अभद्र टिप्पणी की थी। छह जनवरी को लखनऊ में भाजपा युवा मोर्चा की सोशल मीडिया इंचार्ज ऋचा राजपूत ने सपा मीडिया सेल नाम के ट्विटर हैंडल पर रेप और जान से मारने की धमकी दिए जाने पर मुकदमा दर्ज करवाया था। इसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की थी।


आपको बता दे कि पिछले लगभग एक महीने से सपा के सोशल मीडिया प्रभारी मनीष जगन अग्रवाल और बीजेपी युवा मोर्चा की सोशल मीडिया इंचार्ज डॉ ऋचा राजपूत के बीच ट्विटर पर युद्ध चल रहा था जिसमे दोनों ही अपनी मर्यादा खोये हुए थे।  ऋचा ने सपा सुप्रीमों की पत्नी डिम्पल यादव और बेटी अदिति यादव को लेकर चारित्रिक टिप्पणी की थी जबकि मनीष अग्रवाल भी बीजेपी नेताओं के बारे में लगातार इसी तरह की पोस्ट कर रहा था। देखे दोनों पक्षों के ट्वीट-

No comments:

Post a Comment

Popular Posts