लखनऊ होटल में लगी आग में चार की मौत

 सीएम योगी ने दिए जांच के आदेश
लखनऊ।
हजरतगंज इलाके में एक होटल में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। आग होटल लिवाना में लगी है। फायर ब्रिगेड की कई गाड़िया मौके पर आग पर काबू पाने में जुटी हैं। धुएं के बीच कई लोग कमरों में फंसे हैं। दम घुटने से कई लोग बेहोश हो गए हैं। हादसे में चार लोगों के मौत की खबर है। कई की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडलायुक्त और पुलिस कमिश्नर की संयुक्त कमेटी को जांच का आदेश दिया है। प्रदेश के उपमुख्मंत्री ब्रजेश पाठक भी घायलों का हालचाल लेने सिविल अस्पताल पहुंचे और कहा कि मामले की जांच की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे हजरतगंज के सुल्तानगंज इलाके में स्थित लिवाना होटल में भीषण आग लगी है। आग में झुलसे लोगों को सिविल अस्पताल भेजा गया है। अभी तक होटल के अंदर से 20 से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। कुछ लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि धुएं में दम घुटने से कई लोग बेहोश हो गए हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। दमकल कर्मी भी बेहोश हो गया है। अब तक करीब 20 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। दो लोगों ने दम तोड़ दिया है। मौके 15 गाड़िया पहुंच चुकी हैं। तीसरी मंजिल की आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर करीब छह एम्बुलेंस और पहुंच गई हैं। रास्ते को बंद कर दिया गया है।
आग पर काबू पाने के लिए बुलडोजर से दीवार तोड़ी गई। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि होटल में कुल 30 कमरे हैं, इनमें से 18 कमरों में लोग थे। 30 से 35 लोग कमरों में मौजूद थे। पहली मंजिल पर बैंक्वट हॉल है। यहां कई लोग थे। कई लोग सुबह होटल से निकल गए थे।
वहीं, लखनऊ के हजरतगंज के होटल लिवाना में आग लगने की घटना पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला अधिकारियों को झुलसे लोगों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के साथ ही मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में तेजी लाने को भी कहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।
लखनऊ कमिश्नर एस बी शिरोड़कर ने बताया कि होटल प्रबंधन के रिकॉर्ड के अनुसार 38 से 40 लोग वहां पर रुके हुए थे जिसमें से पुलिस विभाग के अनुसार 10 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। जिसमें से दो लोगों की दुखद मौत हो गई जबकि सात लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं। एक व्यक्ति को डिस्चार्ज किया गया है।  होटल के कमरों में धुआं ज्यादा होने के कारण अभी तक कितने लोग अंदर फंसे हैं। इसकी जानकारी नहीं हो पा रही है। पुलिस कमिश्नर व मंडला आयुक्त को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में हुए घायल
हादसे में होटल में रुके अंश कौशिक, कामिनी, मोना चौधरी झुलस गए। होटल के कर्मचारी श्रवण और राजकुमार भी हादसे का शिकार हो गए। जबकि राहत व बचाव कार्य के दौरान चंद्रेश यादव व प्रदीप मौर्या की हालत बिगड़ गई।
हादसे के मृतक
1. गुरनूर आनंद, निवासी लखनऊ, 2. साहिबा कौर, निवासी लखनऊ, 3. मोहम्मद अमान गाजी उम्र 22 वर्ष, निवासी- कल्याणपुर, लखनऊ 4. चिया उम्र 19 वर्ष, लखनऊ



सिविल अस्‍पताल पहुंचे सीएम योगी

लखनऊ। घायलों का हाल जानने के लिए सीएम योगी आदित्‍यनाथ और डिप्‍टी सीएम ब्रजेश पाठक सिविल अस्‍पताल पहुंच गए हैं। उन्‍होंने चिकित्‍सकों को मरीजों का समुचित उपचार करने का निर्देश दिया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित उपचार कराया जाये। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
राजनाथ सिंह ने जताया शोक
रक्षा मंत्री व लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि लखनऊ के एक होटल में आग लगने की दुखद घटना की मुझे जानकारी प्राप्त हुई। स्थानीय प्रशासन से मैंने स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है। मेरा कार्यालय लगातार स्थानीय प्रशासन के सम्पर्क में है। मैं घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना करता हूं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts