जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे का निधन

 पीएम मोदी ने जताया दुख, भारत में राष्ट्रीय शोक का एलान
चुनावी भाषण के दौरान मारी गई थी गोली, हमलावर गिरफ्तार

टोक्यो (एजेंसी)।
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे नहीं रहे। पश्चिमी जापान के नारा शहर में एक चुनावी सभा में भाषण के दौरान शुक्रवार सुबह उन्हें गोली मारी गई थी, जिसके बाद उन्हें कार्डियक अरेस्ट भी आया था।
घटना के बाद शिंजो आबे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। जापान के सरकारी समाचार प्रसारक एनएचके वर्ल्ड न्यूज ने शिंजो आबे के निधन की पुष्टि की है।
शिंजो आबे पर हमले के कुछ घंटे बाद राजधानी टोक्यों में एक भावनात्मक भाषण देते हुये प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा- 'यह 'घृणित कार्य' है। मैं दिल से दुआ कर रहा हूं कि आबे ठीक हो जाएं। मैं इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। लोकतंत्र में ऐसी हिंसा की कोई जगह नहीं है।
आगे उन्होंने कहा था कि देश में चुनाव चल रहे हैं। यह लोकतंत्र की बुनियाद पर हमला है। यह बर्बर और दुर्भावनापूर्ण है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हम जो कुछ भी कर सकते हैं, करेंगे। इस हमले की निंदा के लिए जितने भी कड़े शब्द हो सकते हैं, मैं उसका इस्तेमाल करना चाहूंगा।'
शिंजो आबे पर हुए हमले की दुनिया भर में निंदा हो रही है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिंजो आबे पर हुए हमले पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विचार और प्रार्थनाएं जापान की जनता के साथ हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा था- “ मैं प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।”
गौरतलब है कि शिंजो आबे रविवार को संसद के अपर हाउस के लिए होने वाले चुनाव प्रचार में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान पश्चिमी जापान के नारा शहर में उनपर प्राणघातक हमला हुआ। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है। भारत और जापान के बेहतर संबंधों में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।
इससे पहले 1932 में जापान के प्रधानमंत्री इनुकाई सुयोशी की हत्या एक नौसेना अधिकारी ने कर दी थी। जापान उन देशों में शुमार है, जहां बंदूक रखने को लेकर बेहद कड़े कानून हैं। शिंजो आबे ने इसी साल फरवरी में कहा था कि जापान को लंबे समय से जारी एक वर्जना को तोड़ देना चाहिए और परमाणु हथियारों पर सक्रिय बहस शुरू करनी चाहिए।

भारत में आज राष्ट्रीय शोक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि शिंजो आबे के प्रति हमारे दिल में गहरा सम्मान है, इसलिए कल भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा।



पीएम मोदी समेत तमाम दिग्गजों ने जताया दुख
पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिंजो आबे के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।' पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरा भारत जापान के साथ शोक मनाता है और हम इस कठिन क्षण में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।



अमित शाह ने व्यक्त की संवेदना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर उनके परिवार, अनुयायियों और जापान के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।



भारत ने एक करीबी दोस्त खो दिया: राजनाथ सिंह

जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने एक करीबी दोस्त खो दिया है जिसने भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम किया।



सोनिया गांधी ने जताया दुख

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया। उन्होंनें कहा कि कई वर्षों तक आबे भारत के एक महान मित्र और शुभचिंतक रहे। उन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार और गहरा करने के लिए बहुत कुछ किया। मुझे उनके साथ अपनी मुलाकात बहुत ही प्यार और स्पष्ट रूप से याद है। यह एक बहुत बड़ा दुर्भाग्य है जो जापान और वास्तव में पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर पड़ा है। उनकी कमी खलेगी।


राहुल गांधी ने दुख जताया
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया। राहुल ने भारत-जापान संबंधों को मजबूती देने में उनके योगदान को याद किया। राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन से दुखी हूं। भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सराहनीय थी।

दलाई लामा ने भी किया याद

तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने कहा कि मुझे यह सुनकर गहरा दुख हुआ है कि मेरे दोस्त शिंजो आबे (पूर्व जापानी पीएम) का आज सुबह एक हमले के बाद निधन हो गया। मैं उनके लिए प्रार्थना करता हूं और आपके और आपके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।

एस जयशंकर ने शोक जताया

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह जापान, भारत और दुनिया के लिए दुखद दिन है। जयशंकर ने ट्वीट किया कि जापान, भारत, दुनिया और व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए दुखद दिन है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts