देश-विदेश में बही योग की बयार

 योग में विश्व शांति लाने की क्षमताः पीएम मोदी
- मैसूर प्लेस प्रांगण में किया योग, दिया संदेश
नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मैसूर में योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग में विश्व शांति लाने की क्षमता है। योग व्यक्ति को ही नहीं समुदायों और राष्ट्रों को भी संघर्ष के भाव से मुक्ति दिलाकर शांति देता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को मैसूर प्लेस प्रांगण में योग दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कि योग के व्यक्तिगत और सामूहिक लाभ बताये और योग से जुड़ी जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया। योग दिवस के माध्यम से प्रधानमंत्री ने भारत की वैश्विक भूमिका भी समझाई।
उन्होंने कहा कि योग की अनादि यात्रा भविष्य को दिशा देते हुए आगे चलती रहेगी। हम सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामया के भाव के साथ एक स्वस्थ और शांतिपूर्ण विश्व को योग के माध्यम से भी गति देंगे। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यक्ति को शांति प्रदान नहीं करता बल्कि पूरे समाज को शांति प्रदान करता है। इससे देश को शांति मिलती है और सारे ब्रह्मांड को शांति मिलती है। योग हमें ब्रह्मांड से जोड़ता है और हमें आंतरिक रूप से जागरूक बनाता है।
प्रधानमंत्री ने योग दिवस को संपूर्ण मानवता के साथ जोड़ा। उन्होंने कहा कि इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम ‘योगा फॉर ह्यूमेनिटी’ है। आज योग्य वैश्विक सहयोग का पारस्परिक आधार बन रहा है। योग मानव मात्र को निरोग जीवन का विश्वास दे रहा है।
उन्होंने कहा कि दुनिया के लोगों के लिए योग आज केवल जीवन का एक हिस्सा नहीं बल्कि जीवन जीने का एक माध्यम बन रहा है। तनावपूर्ण माहौल में थोड़े समय के लिए किया गया ध्यान हमें न केवल तनाव मुक्त करता है बल्कि हमारी उत्पादकता को भी बढ़ाता है। योग केवल एक अतिरिक्त काम नहीं बल्कि जीवन का अभिन्न अंग है।
मोदी ने कहा- ‘हमें योग को जानना भी है। योग को जीना भी है। योग को पाना भी है और योग को अपनाना भी है।’ इस दौरान प्रधानमंत्री ने योग स्थली मैसूर को आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बताया। उन्होंने कहा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस बार ‘गार्डियन रिंग ऑफ योगा’ किया जा रहा है। इसके लिए दुनिया के अलग-अलग देशों में सूर्योदय के साथ, सूर्य की गति के साथ लोग योग कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने मैसूर पैलेस ग्राउंड में आज योग दिवस पर सभी के साथ योग किया। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी उनके साथ मौजूद रहे।



रक्षामंत्री राजनाथ, सीएम योगी ने योग कर दिया मंत्र


लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को लखनऊ के सांसद और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ‘योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः’ का मंत्र दिया। उन्होंने योगाभ्यास किया। सिंह ने कहा कि योगाभ्यास उनके जीवन का अभिन्न अंग है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उस क्रम को बनाये रखते हुए उन्होंने योगासन करने के साथ-साथ सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम् का मंत्र दिया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यदि आपका शरीर स्वस्थ है तो धर्म के सभी साधन स्वयं क्रमवार सफल होते जाएंगे। लेकिन, यदि शरीर आरोग्य नहीं है तो धर्म का कोई भी साधन सफल नहीं हो सकता। योग हमें अनुशासन में बांधकर, निरोगता और शारीरिक व मानसिक विकास की ओर ले जाता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के राजभवन में सामूहिक योग कार्यक्रम में सहभागिता की और सभी के साथ योग किया।
 राजभवन में आयोजित योग कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत कई शासकीय अधिकारियों ने भी सहभागिता की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts