गाजियाबाद में मारे गए दो ईनामी बदमाश

मुठभेड़ में बिल्लू दुजाना और राकेश हुए ढेर

 दोनों बैरिकेडिंग तोड़कर भाग रहे थे
 बाइक फिसली और फायरिंग में मारे गए

गाजियाबाद।
गाजियाबाद में शनिवार सुबह दो एनकाउंटर हुए। इसमें दो बदमाश बिल्लू दुजाना और राकेश दुजाना मारे गए। दोनों डबल मर्डर के केस में फरार चल रहे थे। दोनों बदमाशों अलग-अलग जगह पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं। गाजियाबाद पुलिस की यह कार्रवाई नए एसएसपी मुनिराज जी. की पोस्टिंग के 24 घंटे के भीतर हुई है।
बिल्लू दुजाना पर एक लाख जबकि राकेश दुजाना पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। दोनों बदमाश नोएडा के दुजाना गांव के रहने वाले थे, ज्यादातर वारदात एक साथ की थी।
गाजियाबाद में अलग-अलग जगह हुई मुठभेड़
एसएसपी मुनिराज ने बताया, पहली मुठभेड़ इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में हुई। यहां बदमाश बिल्लू दुजाना उर्फ अवनीश पुलिस बेरीकेडिंग तोड़कर भाग रहा था। उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उसकी बाइक फिसल गई। वह जमीन पर गिर पड़ा। गिरते ही उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की। एक गोली बिल्लू के सीने में लगी। जबकि पुलिस की स्वाट टीम प्रभारी और एक कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गए। बदमाश बिल्लू को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बिल्लू नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के दुजाना गांव का रहने वाला था।
करीब 10 किमी. दूर हुई दूसरी मुठभेड़
दूसरी मुठभेड़ मधुबन बापूधाम इलाके में हुई। यानी, इंदिरापुरम से करीब 10 किमी. दूर। इसमें मारे गए बदमाश की पहचान राकेश दुजाना के रूप में हुई। यह भी नोएडा के दुजाना गांव का रहने वाला था। वह भी पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर भाग रहा रहा था। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। उसकी बाइक फिसल गई। वह जमीन पर गिर पड़ा। उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसकी मौत हो गई। राकेश दुजाना पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था। उस पर करीब 16 मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस ने बताया कि इस एनकाउंटर में एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल और सीओ सिटी प्रथम की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली जा घुसी। एक कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गया।
वेव सिटी डबल मर्डर में फरार थे बिल्लू-राकेश
गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र स्थित वेव सिटी में 20 अप्रैल की रात डबल मर्डर हुआ था। इसमें हरेंद्र चंदेला उर्फ चेतन और जितेंद्र नाम के युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बिल्लू और राकेश दुजाना फरार थे। बिल्लू का भाई अनिल नागर पहले मुठभेड़ में पकड़ा जा चुका है। उन्होंने ये मर्डर पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए किया था।
गैंगस्टर बिल्लू दुजाना दिल्ली की मंडोली जेल से अक्तूबर-2021 में पैरोल पर बाहर आया था। इससे पहले जेल में रहते हुए उसने गुर्गों के जरिए गाजियाबाद में राकेश मार्ग स्थित मदन स्वीट्स के मालिक से दो करोड़ रुपए की रंगदारी मंगवाई थी। रंगदारी न देने पर रेस्टोरेंट पर फायरिंग भी हुई थी।
बिल्लू दुजाना के एनकाउंटर में स्वाट टीम प्रभारी और एक कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया है। हालांकि, उसकी हालत ठीक है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts