अंबेडकरनगर में युवती की गला घोंट कर हत्या

गन्ने के खेत में मिला शव


अंबेडकरनगर।
अंबेडकरनगर जिले के महरुआ थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर गांव निवासी युवती का शव बुधवार को गांव के पास गन्ने के खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। दुपट्टे से गला घोंट कर हत्या की गई थी। घटना से परिजनों में रोना पिटना मचा हुआ है। शव के पास से पुलिस ने पायल व कपड़े आदि भी बरामद किया है। एएसपी संजय कुमार राय भी गांव पहुंचे और मौके का जायजा लिया।
महरुआ थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर गांव निवासी 18 वर्षीय अंतिमा उर्फ शिवानी सिंह पुत्री सत्यप्रकाश सिंह मंगलवार दिन में करीब 10 बजे घर से फोटो खिंचवाने के लिए महरुआ बाजार के लिए निकली थी। बताया जाता है कि वह इसके बाद घर नहीं लौटी। विलंब होने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस बीच बुधवार सुबह गांव के बाहर स्थित एक गन्ने के खेत में हत्या कर फेंका शव मिला। जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकजुट हो गए। रोते बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के मुताबिक अंतिमा की दुपट्टे से गला कसकर निमर्मता पूर्वक हत्या की गई थी। उसके मुंह व नाक से खून निकल रहा था। महरुआ पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खेत से एक पायल व पॉलीथिन में कुछ कपड़ा भी बरामद हुआ है। एएसपी संजय कुमार राय ने भी मौके का जायजा लिया। परिजनों से वार्ता कर मामले में समुचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कहा कि जल्द ही केस दर्ज कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने की चर्चा भी है। उधर महरुआ थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध तहरीर मिली है। छानबीन के बाद केस दर्ज किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts