बुलंदशहर में सिरफिरे ने किसानों पर बोला हमला

 तीन की मौत, 2 गंभीर, आरोपी गिरफ्तार

बुलंदशहर।बुलंदशहर में सोमवार सुबह एक युवक ने खेत में काम कर रहे किसानों पर फावड़े से हमला कर दिया। इसमें 3 की मौत हो गई। 2 की हालत गंभीर है। उनको इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया है। घटना खानपुर थाना क्षेत्र के माजरा परवाना गांव की है। हमले की वजह अब तक स्पष्ट नहीं है।
हमलावर युवक गांव का ही रहने वाला है। उसका नाम बलवीर है। बताया जा रहा है कि सुबह वह खेत पर काम कर रहा था। अचानक से वह पास के खेत में ही काम कर रहे लोगों पर फावड़े से हमला करना शुरू कर दिया। हमलावर ने सिर पर इतनी जोर से हमला किया कि 3 किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में एक महिला भी गंभीर घायल है।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी ने हमला क्यों किया? यह बात किसी को समझ नहीं आ रही थी। कुछ लोगों का कहना है कि आरोपी मानसिक तौर पर विक्षिप्त है। अचानक हुए इस हमले से वहां भगदड़ के हालात बन गए। बाकी, लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे।
हल्ला मचा तो आसपास के लोग भी आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़े तो उसने उन पर भी हमला किया और मौके से भाग गया। एक साथ तीन मर्डर से गांव में कोहराम मच गया। सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हमलावर की तलाश के लिए खेतों में कॉम्बिंग की। हालांकि, थोड़ी देर बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।



वारदात के बारे में पता चलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीण विक्की कुमार ने बताया कि सुबह मैं और बाबा जा रहे थे। आरोपी बलबीर सिंह खेत में मक्का लगा रहा था। काम करते-करते वह खड़ा हो गया। हम उसके पास से गुजरे तो तभी अचानक उसने मुझ पर हमला कर दिया। मैं भागा, पीछे से मुझे बचाने के लिए लोग आए। उसने उन पर हमला कर दिया।
उसने कई लोगों को बुरी तरह से घायल कर दिया। किसी का चेहरा कट गया तो किसी के हाथ और पैर। फावड़े के हमले से दो के सिर फट गए। वहां खून ही खून बिखर गया। शांत माहौल थोड़ी देर में चीखों से गूंजने लगा। मैंने और बाबा ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
वहीं, एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी लाल सिंह ने बताया कि, बलबीर खेत में मक्का लगाने आया था। तभी अचानक पता नहीं क्या हुआ, इसने सब पर फावड़े से हमला करना शुरू कर दिया। जब तक कुछ समझ पाते बलबीर ने 7 लोगों को घायल कर दिया। जिसमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई। जो घायल हुए उन्हें अस्पताल लेकर भागे।
मौके पर पहुंचे एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। वारदात के बाद हमलावर भाग गया था। वहां से गुजर रही एक पुलिस टीम ने उसके शरीर पर खून देखा तो उसे पकड़ लिया। जिन लोगों पर उसने हमला किया है उससे उसका किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। ऐसे में आशंका है कि मानसिक विक्षिप्त होने की वजह से उसने पूरी घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल, जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts