डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी का मामला

 लालू यादव को 5 साल की सजा

सीबीआई जज ने ठोका 60 लाख जुर्माना भी
रांची (एजेंसी)। सीबीआई के जज एस के शशि ने डोरंडा कोषागार से अवैध न‍िकासी मामले में दोषी ठहराए गए ब‍िहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री लालू यादव को 5 साल की सजा सुना दी है। साथ ही 60 लाख जुर्माना लगाया है। लालू यादव के अलावा चारा घोटाला के इस बड़े मामले में 37 अन्‍य दोष‍ियों को भी सजा सुनाई गई है।
इससे पूर्व सभी दोषियों ने ऑनलाइन कोर्ट में हाजिरी लगाई। लालू प्रसाद यादव इस समय रांची र‍िम्‍स में इलाजरत हैं। यहां पर होटवार जेल प्रशासन की ओर से उन्‍हें एक लैपटाप उपलब्‍ध कराया गया था। इसी लैपटाप के सहारे लालू यादव ने अपनी सजा सुनी। सजा सुनाए जाने से पहले लालू प्रसाद की ओर से उनके वकील प्रभात कुमार ने अदालत में बहस की। उन्होंने कहा कि लालू यादव की उम्र 75 साल हो गई है। लालू को कुल 17 तरह की बीमारियां है। बीपी और शुगर का भी हवाला दिया। अदालत से उन्होंने कम से कम सजा देने की मांग की। उधर सीबीआई के वकील ने बहस करते हुए सभी दोषियों को अधिक से अधिक सजा देने की मांग की।
लालू यादव ने रांची रिम्स में लैपटाप पर सुनी सजा
उधर, जेल प्रबंधन ने होटवार जेल में भी पुख्‍ता प्रबंध कर रखा था। वहां वीड‍ियो कांफ्रेंस‍िंंग रूम में बारी-बारी सभी दोषी पेश क‍िए गए। सीबीआई अदालत ने उन्‍हें सजा सुनाई। वहीं लालू यादव ने रांची रिम्स के पेइंग वार्ड में सजा सुनी। मालूम हो क‍ि 15 फरवरी को सीबीआइ अदालत ने इन सभी को चारा घोटला मामले में दोषी ठहराया था। 15 फरवरी को अदालत ने 35 अभ‍ियुक्‍तों को तीन-तीन साल की सजा सुनाई थी। वहीं, 24 अभ‍ियुक्‍तों को कोर्ट ने बरी कर द‍िया था। शेष दोषियों को आज सजा सुनाई गई।
लालू को चारा घोटाला के चार मामलों में पहले हो चुकी है सजा
मालूम हो कि लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला के अन्य चार मामलों में सजा हो चुकी है। उनको देवघर कोषागार से अवैध निकासी मामले में 3.5 साल की सजा सुनाई गई थी। वहीं, दुमका कोषागार से अवैध राशि की निकासी मामले में उनको 5 साल की सजा हो चुकी है। इसी तरह चाईबासा कोषागार से निकासी के एक मामले में उन्हें 5 साल और इसी कोषागार दूसरी अवैध निकासी के मामले में उन्हें 7 साल की सजा सुनाई जा चुकी है।
पेइंग वार्ड के आसपास पसरा सन्नाटा
भारतीय राजनीति में किंग मेकर और गरीबों के मसीहा कहे जाने वाले लालू प्रसाद यादव आज रिम्स के जिस पर पेइंग वार्ड में इलाजरत हैं, उसके आसपास राजद कार्यकर्ताओं का कहीं अता-पता नहीं है। रिम्स के पेइंग वार्ड वाली बिल्डिंग के आसपास पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। कहीं कोई राजद कार्यकर्ता आज उनसे मिलने या उनकी एक झलक पाने के लिए यहां नजर नहीं आ रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts