एक लाख 79 हजार नए मामले,12.6 फीसद बढ़े केस 
नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना संक्रमण की स्पीड पर ब्रेक नहीं लग रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 1,79,723 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 46,569 मरीज कोरोना से रिकवर भी हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना से रविवार को 146 लोगों की मौत हो गई है।
देश में कोराना के कुल मामले 3,57,07,727 हो गए हैं। वहीं, एक्टिव केस बढ़कर अब 7,23,619 हो गए हैं। कोरोना से अब तक 3,45,00,172 लोग रिकवर हो चुके हैं। वहीं, अब तक 4,83,936 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके साथ ही डेली पाजिटिविटी रेट बढ़कर 13.29 फीसद जबकि साप्ताहिक पाजिटिविटी दर बढ़कर 7.92 फीसद हो गई है।
ओमिक्रोन के 4,033 मामले
उधर, देश में ओमिक्रोन के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 4,033 हो गई है। ओमिक्रोन के 4,033 मरीजों में से 1,552 मरीज डिस्चार्ज हो गए हैं। ओमिक्रोन के सबसे ज्यादा मामले 1,216 महाराष्ट्र में हैं। वहीं, राजस्थान इस लिस्ट में दिल्ली से आगे हो गया है। राजस्थान में ओमिक्रोन के 529 और दिल्ली में 513 मरीज हैं।



रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हुए कोरोना पाजिटिव
नई दिल्ली (एजेंसी)।देश में कोरोना तेज रफ्तार के साथ पांव पसार रहा है। अब 70 वर्षीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कोरोना पाजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि मैं आज हल्के लक्षणों के साथ कोरोना पाजिटिव आया हूं। मैं होम क्वारंटाइन में हूं। मैं उन सभी से अनुरोध करता हूं जो हाल ही में मेरे संपर्क में आए हैं, खुद को अलग करने और टेस्ट करने का अनुरोध करता हूं।
आठ जनवरी को राजनाथ सिंह ने एक वेबिनार को संबोधित किया था, जिसमें 100 नए सैनिक स्कूलों को लड़कियों को सशस्त्र बलों में शामिल होने का अवसर प्रदान किया गया था। इससे पहले गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती पंवार भी कोरोना पाजिटिव रह चुके हैं।



केंद्र ने राज्यों को लिखा खत
नई दिल्ली (एजेंसी)।
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को चिट्ठी लिखी है। इसमें राज्यों से हालात पर पैनी नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे गए पत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि मौजूदा स्थिति में कोरोना के मामलों में आए उछाल के बीच पांच से 10 फीसदी सक्रिय मामलों को ही अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता है। हालात तेजी से बदल रहे हैं और रोजाना मामलों की गति भी तेज हो रही है। ऐसे में अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ सकती है। हमें इसके लिए तैयार रहना होगा। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सलाह दी जाती है कि वे कुल मामलों की संख्या और सक्रिय मामलों की संख्या पर नजर बनाए रखें। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts