जिला टास्क फोर्स की बैठक में कोविड टीकाकरण व सफाई व्यवस्था पर रहा जोर


मुज़फ्फरनगर, 3 सितंबर 2021। जिला पंचायत सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला टास्क फोर्स की बैठक में जिलाधिकारी (डीएम) ने मौसमी बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग को सतर्क किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई, जिसमें कोविड संवेदीकरण, ज्वर पीड़ित व्यक्तियों, कोविड एवं क्षय रोगों के लक्षण से युक्त व्यक्तियों, बच्चों के नियमित टीकाकरण, गर्भवती माताओं का पंजीकरण, विशेष अभियान के अंतर्गत टीकाकरण कराए जाने एवं घर-घर जाकर उक्त सभी व्यक्तियों की लाइन लिस्टिंग कराये जाने के लिए निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारी नगरपालिका/पंचायत को निर्देशित किया कि समस्त वार्ड एवं ग्राम पंचायतों में विशेष कार्य योजना बनाकर सफाई अभियान, सड़कों के गड्ढों को भरा जाए तथा समस्त स्ट्रीट लाइटों को अभियान चलाकर सही कराया जाए।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायती राज अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामों का निरीक्षण कर सुनिश्चित करें कि सभी सार्वजनिक संपत्तियों जैसे- स्कूल, ग्राम सचिवालय इत्यादि पर नियमित रूप से साफ सफाई, कूड़े का निस्तारण, पेयजल की व्यवस्था हो एवं कहीं पर भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो पाये। बुखार के दृष्टिगत समस्त क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव, फॉगिंग एवं सेनिटाइजेशन का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाए।

इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी आलोक यादव ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में आईएमए और नीमा के प्राइवेट चिकित्सकों से संपर्क स्थापित कर अधिक दिनों तक ज्वर से पीड़ित रहने वाले व्यक्तियों की सूचना प्राप्त कर उनकी भी लाइन लिस्टिंग करा लें तथा 45 वर्ष से अधिक व्यक्तियों के वैक्सीनेशन के लिए वोटर लिस्ट के माध्यम से परीक्षण कर लिस्टिंग कराना सुनिश्चित करें। साथ ही बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के समस्त स्कूलों की साफ-सफाई, भवन की मरम्मत का कार्य का अवलोकन करें और  विद्यालयों में जलभराव की स्थिति न उत्पन्न हो यह सुनिश्चित कर लें। जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पानी की टंकियों की साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर एवं हैडपंप के पानी में दवा का इस्तेमाल कर इसकी जानकारी ग्रामीणों को भी उपलब्ध करायें। साथ ही राष्ट्रीय पोषण माह, आजादी का अमृत महोत्सव एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत गोष्ठी, परिचर्चा एवं जागरूकता मिशन के साथ प्रचार-प्रसार भी व्यापक स्तर पर कराया जाये।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts