कोलकाता (एजेंसी)।मोदी मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा करने वाले बंगाल के आसनसोल से भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो आखिरकार शनिवार को नाटकीय ढंग से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल हो गए। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे सांसद अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में कोलकाता में उन्होंने तृणमूल का दामन थामा।
टीएमसी में शामिल होने के बाद बाबुल सुप्रियो ने कहा कि निश्चित तौर पर यहां (टीएमसी) पर ज्वाइन किया तो आसनसोल की सीट पकड़कर रखने कोई मतलब ही नहीं है। आसनसोल की वजह से मैं राजनीति में आया हूं, उनके भरोसे की वजह से आया हूं। आसनसोल के लिए जितना स्पेशल कर सकता हूं, उतना करूंगा। मुझे काम करना है, काम करने का मौका मुझे यहां मिला। दीदी (ममता बनर्जी) और अभिषेक ने मुझे ये मौका दिया है, इतना अच्छा मौका मुझे मिला है।
पिछले दिनों हुए कैबिनेट विस्तार में मोदी मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद से ही बाबुल नाराज चल रहे थे। इसके बाद हाल में उन्होंने राजनीति से ही संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने यह भी दावा किया था कि वह और किसी पार्टी में शामिल नहीं होंगे। हालांकि इसके बाद काफी मन मनौव्वल के बाद बाबुल ने कहा था कि वह सांसद पद से इस्तीफा नहीं देंगे। लेकिन शनिवार को वे नाटकीय तरीके से तृणमूल में शामिल हो गए।



No comments:
Post a Comment