अस्पताल में चल रहा युवक का इलाज
कुशीनगर। जिले के कसया थाने के गांव कुड़वा दिलीपनगर के गुरमियां गोपाल टोला में युवक ने बुधवार रात पत्नी व तीन बच्चों की धारदार हथियार से गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी जहर खा लिया, जिसे बेहोशी की हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया गया। दूसरी ओर इस घटना के बाद पूरा गांव स्तब्ध है। घटना की वजह पता नहीं चल सकी है। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। एसपी भी घटना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली।
मिली जानकारी के मुताबिक गुरमियां गोपाल टोला निवासी जितेंद्र कुशवाहा राजगीर मिस्त्री है। उसके घर सन्नाटा देख गुरुवार सुबह धीरे-धीरे ग्रामीण एकत्रित हो गए। मां राजपति देवी भी पहुंचीं। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। लोग छत की कटरेन हटाकर अंदर घुसे तो 32 वर्षीय लीलावती, आठ वर्षीय आकाश, छह वर्षीय विकास, चार वर्षीय नितेश का शव पड़ा हुआ था। सभी का धारदार हथियार से गला रेता गया था। दूसरी तरफ जितेंद्र जहर खाने के बाद बेहोशी की अवस्था में पड़ा था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
एसएचओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि इसी बड़ी वारदात का कारण पता नहीं चल सका है। जांच-पड़ताल की जा रही है। युवक के होश में आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। इस बारे में ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। ग्रामीण बता रहे हैं कि शाम को वह गांव में दिखा था। कहीं से कार्य कर घर लौटा था। उसके बाद घर से बच्चे या कोई और बाहर नहीं दिखा।
नशे का आदी है जितेंद्र, नाराज होकर पत्नी चली गई थी मायके
क्रूरता की हद पार करने वाला जितेंद्र नशे का आदी है। कसया थाने के गांव माधोपुर मठिया विशंभरपुर निवासी ससुर रामजीत कुशवाहा ने बताया कि रोज शराब पीकर मारपीट करने से नाराज होकर बेटी लीलावती घर आ गई थी। तीन माह पूर्व दामाद के माफी मांगने व आदत में सुधार करने के बाद विदा किया था। मुझे क्या पता था कि यह विदाई अंतिम विदाई हो जाएगी।
दो साल पूर्व ही अपने बड़े धर्मेंद्र व छोटे भाई सुनील से अलग होकर जितेंद्र ने घर से 100 मीटर दूर अपना घर बनाया था। दीवार खड़ी कर कटरैन डालकर परिवार समेत रहता था। मां अपने दोनों बेटों के साथ रहती थीं।



No comments:
Post a Comment