वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र एवं राज्य सरकारों पर गरीब-बेरोजगारों को धोखा देने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को यहां कहा कि आने वाले चुनावों में जनता उसे सत्ता से बाहर कर देगी।
उन्होंने महंगाई के खिलाफ यहां पार्टी के धरना को संबोधित करते हुए कहा कि अब भाजपा के पाप का घड़ा भर चुका है। जनता 2022 के विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से बाहर कर सजा देगी।
राजभर ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं ने जनता से महंगाई पर रोक लगाने, बेरोजगारों को नौकरियां देने जैसे अनेक वादे किये थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसके विपरीत किया। लाखों लोगों की नौकरियां चली गईं तथा पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस समेत हर जरूरी चीजों की कीमतें लगातार बढ़ रही है, जिससे गरीबों की स्थिति और पहले भी दयनीय हो गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए उनका ‘भागीदारी संकल्प मोर्चा’ हर संभव कोशिश कर रहा है और उन्हें विश्वास है कि छल करने वाले नेताओं को जनता आवश्यक सबक सिखायेगी।
सुभासपा के विधायक कैलाश नाथ सोनकर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने संबोधन के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकारों पर महंगाई एवं बेरोजगारी की समस्याओं पर लगाम लगाने में नाकाम रहने के आरोप लगाये।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts