मेरठ। सपा नेताओं ने रविवार को डीएम के. बालाजी से मिलकर जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर शिकायत की। सपा और रालोद नेताओं से डीएम ने कहा कि सपा प्रत्याशी को पर्याप्त समय दिया गया। जब अनुमोदक ही इनकार कर दे तो क्या किया जा सकता है। कार्रवाई नियमानुसार की गई। सुबह करीब साढ़े 10 बजे सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह के नेतृत्व में पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, विधायक रफीक अंसारी, अतुल प्रधान, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह, सुनील रोहटा आदि डीएम से मिलने पहुंचे। रविवार को विशेष तौर से कलक्ट्रेट खुला। करीब 15 मिनट तक सपा नेताओं ने डीएम से वार्ता की। कहा गया कि शनिवार को सपा प्रत्याशी को अपनी बात रखने का समय नहीं दिया गया, जबकि भाजपा के प्रत्याशी एक घंटे तक आपके पास रहे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी गौरव चौधरी के नामांकन को एकतरफा गलत बताया। डीएम ने कहा कि नामांकन के उपरांत प्रत्याशी सलोनी को अपने प्रस्तावक, अनुमोदक को जांच के लिए बुलाया गया था ,लेकिन वह समय पर नहीं आ पाए। उनके ना आने पर उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया। सारी कार्रवाई नियमानुसार की गई है।
No comments:
Post a Comment