तीन घरों को बनाया निशाना

मेरठ। जिले भर में लॉकडाउन के दौरान बुधवार देर रात सरधना थाना क्षेत्र में बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी को अंजाम दिया। हैरत की बात है कि घर में सो रहे गृह स्वामियों को घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक देर रात बदमाशों ने सरधना में लोकप्रिय रोड पर फौजी एवन कॉलोनी में तीन घरों को निशाना बनाया। बदमाशों ने साबिर पुत्र सत्तार के घर से 12 हजार की नकदी और लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। इसी के साथ विनोद पुत्र कालू के घर से 35 हजार कैश और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। बदमाशों ने कॉलोनी में रहने वाले रईसू के घर को भी निशाना बनाया। मगर यहां बदमाश सेफ के ताले नहीं तोड़ सके। हैरानी की बात है कि घटना के समय तीनों ही घरों के मालिक परिवार सहित अपने घरों में ही सो रहे थे, मगर किसी को भी घटना की भनक तक नहीं लगी। उधर, लॉकडाउन में पुलिस गश्त के तमाम दावों की पोल खोलते हुए वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आराम से फरार हो गए। सुबह जागने पर पीड़ितों को घटना की जानकारी मिली तो उनके होश फाख्ता हो गए। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ की। तीनों पीड़ितों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ घटना की तहरीर दी है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts