मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के धौलड़ी गांव में ग्रामीण का शव दफनाने के विरोध में जमकर हंगामा हुआ। पंचायत चुनाव में हारे प्रत्याशी के समर्थक कब्रिस्तान में ग्रामीण के शव का दफीना कराने के विरोध में उतर आए। जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच टकराव हो गया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस पर भी कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। घटना के चलते गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची कई थानों की फोर्स ने हालात को संभालते हुए अपनी मौजूदगी में शव का दफीना कराया। उधर, इंस्पेक्टर जानी ने पुलिस पर पथराव की बात से इनकार किया है।
धौलड़ी गांव के रहने वाले हनीफ की देर रात मौत हो गई थी। जिसके बाद बुधवार की सुबह क्षेत्रीय ग्रामीण हनीफ के जनाजे को लेकर गांव में स्थित कब्रिस्तान में पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कुछ ग्रामीणों ने हनीफ पक्ष पर चुनाव में अपने प्रत्याशी को वोट ना देने का आरोप लगाते हुए हनीफ का दफीना कराने से इंकार कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। मामले की जानकारी मिलने पर आनन-फानन में थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जाता है इसी बीच हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। जिसके चलते क्षेत्र में हड़कंप मचा। घटना की जानकारी के बाद आसपास के कई थानों की फोर्स गांव में पहुंची। मगर तब तक पुलिस पर पथराव करने वाले आरोपी फरार हो चुके थे। बताया जाता है पुलिस ने अपनी मौजूदगी में हनीफ के शव का दफीना कराया। इसी के साथ आरोपियों की तलाश में गांव में कई घरों में दबिश दी गई। उधर इस्पेक्टर जानी संजय वर्मा ने घटना को मामूली बताते हुए पुलिस पर पथराव की बात से इनकार किया है।



No comments:

Post a Comment

Popular Posts