नई दिल्‍ली। राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह के निधन के बाद आज हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व सांसद तथा अब तक पार्टी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे उनके पुत्र जयंत चौधरी को रालोद का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालते ही जयंत चौधरी ने कल होने वाले किसान आंदोलन को लेकर बडा ऐलान किया है।
आपको बता दें कि आज राष्ट्रीय लोकदल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की की वर्चुअल मीटिंग नई दिल्‍ली में आयोजित की गई। मीटिंग में गत 6 मई 2021 को पार्टी अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह के कोरोना से हुए आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस दौरान जयन्त चौधरी ने देश में फैली कोरोना महामारी को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारें इस महामारी को रोक पाने में नाकामयाब साबित हो रही हैं। संक्रमण को रोकने के लिए टीकाकरण अभियान को गति देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में टीके को कम समय में पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों, जैसे- आशा वर्कर एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा जाये, जिससे घर-घर तक टीकाकरण अभियान चलाया जा सके। कोविन ऐप के माध्यम से टीकाकरण के रजिस्ट्रेशन हेतु तकनीकी जानकारी के अभाव में आम जनता को परेशानी हो रही है। इस उद्देश्य के लिए कोई ऐसा तरीका अपनाया जाये जो आम आदमी के लिए सहज और सुलभ हो, क्योंकि हर व्यक्ति के पास कोविन ऐप डाउनलोड करने के लिए स्मार्ट फोन उपलब्ध नहीं है।

मीटिंग में चौधरी अजित सिंह के निधन से रिक्त हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पद हेतु पार्टी महासचिव त्रिलोक त्यागी ने उपाध्यक्ष जयन्त चौधरी का नाम प्रस्तावित किया। पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव मुंशीराम पाल ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया, जिसका राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। अध्यक्ष चुने जाने पर  जयन्त चौधरी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने किसान मसीहा श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह एवं चौधरी अजित सिंह के बताये रास्ते पर चलते हुए गांव-किसान के हितों के लिए सदैव संघर्ष करने का संकल्प लिया। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts