अपने परिवार के सदस्यों की तरह करें उपचार : जिलाधिकारी
मेरठ, 4 मई 2021 । जिलाधिकारी के. बालाजी ने मंगलवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के प्रतिनिधियों के साथ अपने कार्यालय कक्ष में बैठक कर कोरोना नियंत्रण के संदर्भ में विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि सभी प्राइवेट अस्पताल सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों व मानकों के अनुरूप अपने अस्पतालों को संचालित करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अनुमन्य दर के अनुसार ही मरीजों से चार्ज लिया जाए। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन सप्लाई के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है तथा सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों को ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है।
जिलाधिकारी के. बालाजी ने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों का कोरोना नियंत्रण में सहयोग प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि उपचाराधीनों का उपचार अपने परिवार के सदस्यों की तरह करें तथा उनसे आत्मीयता का व्यवहार करें साथ ही जो तीमारदार उपचाराधीनों की सेवा में लगे हैं उनको भी उपचाराधीन की स्थिति की नियमित जानकारी दी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि उपचाराधीनों को अच्छा उपचार, गुणवत्तायुक्त व पौष्टिक भोजन व वातावरण मिले यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आईएमए के पदाधिकारियो से कहा कि जहां उन्होंने किसी भी प्रकार की असुविधा दिखायी दे तो प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह हम सब का फर्ज बनता है कि कोरोना की चेन को तोड़ने के लिये हमें आगे आना होगा। तभी इस पर नियंत्रण किया जा सकता है। इस अवसर पर आईएम अध्यक्ष डॉ अनिल कपूर, सचिव डॉ मनीषा त्यागी सहित अन्य चिकित्सक व अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिले में नहीं ऑक्सीजन की कोई कमी, स्टॉक न करें चिकित्सालय'
जिले में ऑक्सीजन की किल्लत को दूर करने के लिए प्रशासन एक्टिव मोड में है, जिसके चलते चिकित्सालयों में ऑक्सीजन की आपूर्ति बहाल रखने के लिए प्रशासन की कोर टीम 24 घंटे कोशिश में जुटी हैं। एडीएम सिटी अजय तिवारी ने दावा किया कि जिले को निर्धारित किए गए ऑक्सीजन के कोटे के मुताबिक जिले में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। मगर दहशत के चलते कुछ चिकित्सालय ऑक्सीजन का स्टॉक करके चल रहे हैं, जिसके चलते सिलेंडरों की कमी के कारण आपूर्ति की चेन ब्रेक हो रही है। उन्होंने सभी चिकित्सालयों से ऑक्सीजन स्टॉक न करने की अपील की है। एडीएम सिटी अजय तिवारी ने बताया जिले में पांच स्थानों पर ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिल किए जा रहे हैं। जहां से जिले के सभी चिकित्सालयों को ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है। रोजाना लगभग तीन हजार सिलेंडर जिले के चिकित्सालयों में भेजे जा रहे हैं, जिनमें 32 कोविड चिकित्सालयों सहित नॉन कोविड चिकित्सालय भी शामिल हैं। इसी के साथ जिले में बनाए गए दो सेंटर से रोज छह सौ से आठ सौ सिलेंडर ऐसे लोगों को दिए जा रहे हैं जो होम आइसोलेशन में हैं। एडीएम सिटी ने दावा किया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही है। आलम यह है कि दिल्ली और हरियाणा से भी लोग आकर मेरठ के सेंटर से सिलेंडर ले जा रहे हैं।
No comments:
Post a Comment