गाजियाबाद। पाश इलाके कविनगर स्थित रियल एस्टेट व्यापारी की कोठी में कार्यरत नौकर ने तीन गार्ड व साथी को नशीला पदार्थ देकर चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। घटना शुक्रवार रात की है, जब व्यापारी पूरे परिवार के साथ बेटे पार्थ के शादी समारोह में दिल्ली के द ग्रैंड होटल में थे। सुबह की शिफ्ट वाले गार्ड आए तो घटना का पता चला। दो माह पूर्व रखा नौकर गायब था, जबकि बाकी चारों बेहोशी की हालत में थे। आशंका जताई जा रही है कि नौकर ने बाहर से अपने साथियों को भी बुलाकर चोरी को अंजाम दिया। हालांकि व्यापारी ने चोरी किए गए सामान या इसकी कीमत का जिक्र नहीं किया। नशे की हालत में गार्ड ने बताया कि उन्हें रात 11 बजे के बाद गणेश ने चाय दी थी। इसके बाद उन्हें कुछ नहीं पता। अंदर जाने पर रामाशीष भी बेहोश मिला। उसने बताया कि गणेश भी उसके साथ ही सोया था। मगर करीब 12 बजे उस पर किसी तरह का स्प्रे किया गया। तभी से वह बेहोश है। एसएचओ कविनगर अजय कुमार ने बताया कि कविनगर के सी ब्लाक निवासी विवेक मंगल की तहरीर पर उनके यहां काम करने वाले गणेश के खिलाफ जहरखुरानी कर चोरी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेक मंगल रियल एस्टेट व्यापारी हैं। पत्नी पिकी मंगल आकांक्षा समिति की कोषाध्यक्ष हैं। पिकी ने बताया कि शुक्रवार को बेटे पार्थ की शादी थी। घर पर तीन गार्ड व दो नौकर गणेश और रामाशीष को छोड़कर सभी नई दिल्ली के वसंत कुंज स्थित होटल द ग्रैंड में बेटे की शादी में चले गए थे। शनिवार को सुबह की शिफ्ट के दो गार्ड सात बजे कोठी पर पहुंचे तो रात वाले तीनों गार्ड नशे की हालत में मिले। उनकी सूचना पर पिकी पहुंचीं तो उनके कमरे का ताला टूटा था और सामान अस्त व्यस्त था। विवेक की कोठी में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, लेकिन रिकार्डिग नहीं होती है। पिकी के मुताबिक पूर्व नौकर नवीन दो माह पूर्व नेपाल गया था। जिसके कहने पर उन्होंने गणेश को रखा था। मगर उस समय परिवार के कुछ सदस्य कोरोना की चपेट में होने के कारण उसका सत्यापन नहीं करा पाए। हालांकि उसका वोटर कार्ड व फोटो ले ली थी। पिंकी का आरोप है कि वारदात को गणेश ने पूरी प्लानिग के साथ अंजाम दिया। कमरे में रखी अलमारी व लॉकर गैस कटर से काटे गए थे। घर दो अन्य कमरों के भी ताले टूटे मिले, लेकिन इनमें कुछ रखा नहीं था।
No comments:
Post a Comment