Thursday, 26 November 2026

शास्त्रीनगर में 24 भूखंडों पर दो दिन बाद गरजेगा बुलडोजर, आवास विकास का आखिरी अल्टीमेटम

 


शास्त्रीनगर में 24 भूखंडों पर दो दिन बाद गरजेगा बुलडोजर, आवास विकास का आखिरी अल्टीमेटम

सेटबैक पूरा करने के लिए मालिकों को 48 घंटे की मोहलत, 20 संपत्तियों में मानकों के मुताबिक हुआ निर्माण; 9 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में पेश होगी कार्रवाई की रिपोर्ट

मेरठ। शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट में अवैध निर्माण के मामले में अब कार्रवाई की उलटी गिनती शुरू हो गई है। आवास विकास परिषद ने 24 भूखंड मालिकों को आखिरी चेतावनी देते हुए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। इस अवधि में निर्धारित मानकों के अनुसार सेटबैक पूरा नहीं किया तो परिषद की टीम बुलडोजर लेकर पहुंचेगी और भवनों के अवैध हिस्सों को ध्वस्त करेगी। गुरुवार को उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने संबंधित भूखंड मालिकों के साथ बैठक कर साफ कर दिया कि अब अतिरिक्त समय नहीं मिलेगा।

44 में से 20 संपत्तियों में पूरा हुआ काम

दरअसल, आवास विकास परिषद ने सेंट्रल मार्केट की 44 संपत्तियों के मालिकों को निर्धारित सेटबैक के अनुरूप निर्माण करने और अवैध हिस्से हटाने के निर्देश दिए थे। इनमें से 20 संपत्ति मालिकों ने मानकों के अनुसार निर्माण करा लिया है, जबकि 24 भूखंडों पर अभी काम बाकी है। गुरुवार को इन्हीं 24 भूखंड मालिकों को बैठक में बुलाकर दो दिन के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए।

नहीं माने तो परिषद खुद चलाएगी बुलडोजर

उप आवास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि दो दिन के भीतर सेटबैक के मानकों का पालन नहीं करने वाले भवनों पर परिषद खुद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगी। इसके तहत भवनों के उन हिस्सों को तोड़ा जाएगा, जो निर्धारित मानकों के विपरीत बने हैं। अधिकारियों के इस अल्टीमेटम के बाद संबंधित भूखंड मालिकों में हलचल तेज हो गई है।

9 दिसंबर की सुनवाई से पहले कार्रवाई तेज

सेंट्रल मार्केट प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट में नौ दिसंबर को सुनवाई प्रस्तावित है। इससे पहले आवास विकास परिषद को पूरे मामले में की गई कार्रवाई और अनुपालन की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। वहीं, मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) को जोन-ए की 16,726 संपत्तियों के री-सर्वे की रिपोर्ट भी पेश करनी है। ऐसे में सुनवाई से पहले दोनों विभाग अपनी कार्रवाई और रिपोर्ट को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। आवास विकास की 44 संपत्तियों पर कार्रवाई और शेष 24 भवनों पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण भी इस रिपोर्ट का अहम हिस्सा होगा।

No comments:

Post a Comment