आईआईएमटी एकेडमी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम, बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

मेरठ। गंगानगर स्थित आईआईएमटी एकेडमी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों को अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता, प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल एवं आईआईएमटी ग्रुप ऑफ स्कूल्स की प्रबंध संचालिका श्रीमती पियांशु अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज से बुराइयों को समाप्त करने के लिए श्रीकृष्ण जैसे गुणों एवं आदर्शों वाले व्यक्तित्व की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना चाहिए। उनके आदर्श एवं शिक्षाएं जीवन को सही दिशा प्रदान करने के साथ-साथ सफलता की ओर अग्रसर करती हैं।

कार्यक्रम में प्राइमरी विंग के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म एवं जीवन से संबंधित लघु नाटिका की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों ने ज्ञानवर्धक गीता सार को सुंदर एवं प्रभावशाली शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने ‘वो कृष्णा है’ गीत पर सामूहिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा।

एकेडमी की प्रधानाचार्या अलका शर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक कहानियों के माध्यम से बच्चों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्तव्य, कर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राइमरी विंग कोऑर्डिनेटर प्रिया यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

-------------------------------------------------------

No comments:

Post a Comment

Popular Posts