कैंट अस्पताल में अब चार विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवा

8 सितंबर से ईएनटी, चर्म, हड्डी और स्त्री रोग की ओपीडी शुरू; जन औषधि केंद्र और टेलीमेडिसिन सुविधा भी जल्द

मेरठ। कैंट जनरल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होने जा रहा है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) मेरठ के सहयोग से अस्पताल में चार प्रमुख विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी आठ सितंबर से शुरू होगी। मरीजों को प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार सुबह नौ से 11 बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिल सकेगा।

अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता चौधरी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधाकर जैन, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सुमित उपाध्याय तथा प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मानिक जैन मरीजों को सेवाएं देंगे। कैंट बोर्ड की ओर से प्रत्येक ओपीडी के लिए चिकित्सकों को 2500 रुपये मानदेय दिया जाएगा।

दिल्ली के विशेषज्ञों से टेलीमेडिसिन परामर्श

कैंट जनरल अस्पताल में दिल्ली के कैंट जनरल अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों से टेलीमेडिसिन के माध्यम से परामर्श की सुविधा भी शुरू हो चुकी है। अस्पताल के अनुसार करीब एक महीने में 140 मरीज इस सुविधा का लाभ ले चुके हैं। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को दिल्ली रेफर कर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जा रही है।

जन औषधि केंद्र में 80 से 90 प्रतिशत तक सस्ती दवाएं

अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र भी जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए एनओसी मिल चुकी है और ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा निरीक्षण किया जाना है। केंद्र शुरू होने के बाद मरीजों को 80 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

उपकरणों के लिए 21 लाख रुपये की निधि

राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने अस्पताल में चिकित्सा उपकरणों के लिए अपनी निधि से 21 लाख रुपये उपलब्ध कराए हैं। इससे कार्डियक मॉनिटर, एक्स-रे, पैथोलॉजी और ऑपरेशन से जुड़े आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। 30 बेड वाले इस अस्पताल में भविष्य में अन्य सुविधाओं का भी विस्तार करने की योजना है।

आईएमए मेरठ की अध्यक्ष डॉ. मनीषा त्यागी ने अस्पताल को हरसंभव सहयोग देने की बात कही। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवा के लिए आईएमए के कई चिकित्सकों ने सहमति दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts