एनडीए सहयोगी के रूप में अपना दल (एस) मध्य प्रदेश में तेज करेगा चुनावी तैयारियां
भोपाल, 25 अगस्त। अपना दल (एस) ने मध्य प्रदेश में संगठन विस्तार के साथ आगामी चुनावों को लेकर अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज करने के संकेत दिए हैं। पार्टी की ओर से प्रदेश संगठन और विभिन्न मंचों में नई जिम्मेदारियों की घोषणा के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर एनडीए की सहयोगी है और वर्ष 2014 से गठबंधन का हिस्सा रहते हुए आगे भी सहयोग की भूमिका को मजबूती से निभाएगी।
डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में पार्टी एक दशक से अधिक समय से एनडीए का हिस्सा है। गठबंधन की मजबूती पार्टी की प्राथमिकता है, लेकिन आगामी चुनावों के लिए स्वतंत्र संगठनात्मक और चुनावी तैयारी भी पूरी मजबूती से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में पार्टी का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि उसे बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाना है। राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी आरबी सिंह पटेल के मार्गदर्शन में प्रदेश संगठन में नई नियुक्तियों के साथ किसान, व्यापार, विधि, चिकित्सा, शिक्षक, आईटी, बौद्धिक तथा अनुसूचित जाति-जनजाति जैसे विभिन्न मंचों को जिम्मेदारी देना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. मलिकराम ने कहा कि पार्टी आने वाले समय में हर चुनाव को गंभीरता से लेते हुए अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी करेगी। सभी चुनावों में अपने प्रतिनिधियों को मैदान में उतारने की दिशा में संगठन काम करेगा। उन्होंने कहा कि चुनावी राजनीति में संगठन की मजबूती, स्थानीय मुद्दों की समझ और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सामाजिक, भौगोलिक और राजनीतिक रूप से विविध राज्य है। पार्टी का प्रयास मालवा-निमाड़ से लेकर बुंदेलखंड, महाकौशल, विंध्य, चंबल और ग्वालियर अंचल तक संगठन का विस्तार करने का रहेगा। किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को संगठन की राजनीतिक गतिविधियों के केंद्र में रखा जाएगा।
डॉ. मलिकराम के मुताबिक अपना दल (एस) गठबंधन के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए अपनी राजनीतिक पहचान और संगठनात्मक क्षमता को भी लगातार मजबूत करेगा। पार्टी का लक्ष्य एनडीए के सहयोगी के रूप में प्रभावी भूमिका निभाने के साथ मध्य प्रदेश में अपने जनाधार और संगठन का विस्तार करना है।


No comments:
Post a Comment