Monday, 24 August 2026

मेरठ में मोहित जाटव के घर पहुंची जांच टीम, स्कूटी की जांच में नहीं मिला हादसे का साक्ष्य

 


मेरठ में मोहित जाटव के घर पहुंची जांच टीम, स्कूटी की जांच में नहीं मिला हादसे का साक्ष्य

मेरठ। किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव से जुड़े प्रकरण की जांच कर रही डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह की टीम ने सोमवार को मोहित जाटव के किनानगर स्थित घर पहुंचकर जांच की। टीम ने उस स्कूटी का तकनीकी निरीक्षण और वीडियोग्राफी की, जिसके फिसलने से दोनों के चोटिल होने का दावा तत्कालीन पुलिस अधिकारियों की ओर से किया गया था। जांच के दौरान स्कूटी पर हादसे से जुड़े कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले।

मोहित के परिजनों से पूछताछ के बाद टीम ने स्कूटी की वीडियोग्राफी की। सूत्रों के मुताबिक स्कूटी पर दुर्घटना के ऐसे साक्ष्य नहीं मिले, जिनसे यह पुष्टि हो सके कि दोनों इसी वाहन से गिरकर घायल हुए थे। इससे पुलिस के उस दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं कि दोनों स्कूटी फिसलने से चोटिल हुए थे।

दरअसल, 19 अगस्त को दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव ने आरोप लगाया था कि तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडे ने उन्हें कार्यालय बुलाकर थर्ड डिग्री दी। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई और अविनाश पांडे को पद से हटा दिया गया। वहीं, पुलिस की ओर से पहले दावा किया गया था कि दोनों नेता स्कूटी से गिरने के कारण घायल हुए थे।

डीआईजी सहारनपुर कर रहे जांच

प्रकरण को लेकर विपक्ष ने भी सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। सपा विधायक अतुल प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जबकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मामले को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। इसके बाद एडीजी जोन भानु भास्कर ने जांच के आदेश दिए और डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह को जांच सौंपी गई।

जांच अधिकारी मेरठ पहुंचकर दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर चुके हैं। बयानों की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। इसके बाद जांच टीम अलग-अलग बिंदुओं पर साक्ष्य जुटा रही है।

वाहन को लेकर उठे सवाल

जांच के दौरान मोहित के घर से स्कूटी मिलने और उस पर हादसे के स्पष्ट निशान नहीं मिलने के बाद तत्कालीन सिविल लाइन इंस्पेक्टर की कार्रवाई भी सवालों के घेरे में आ गई है। जानकारों के मुताबिक यदि किसी वाहन से दुर्घटना होने की बात सामने आती है तो पुलिस आमतौर पर उसका तत्काल निरीक्षण कर उसे केस प्रॉपर्टी के रूप में कब्जे में लेती है। इस मामले में ऐसा नहीं किए जाने को लेकर भी जांच में सवाल उठ सकते हैं।

दिग्विजय भाटी के घर भी जा सकती है टीम

जांच टीम अब दिग्विजय भाटी के घर भी जा सकती है। पुलिस की ओर से पहले मोहित की स्कूटी से दोनों के एसएसपी कार्यालय पहुंचने की बात कही गई थी। ऐसे में जांच टीम यह भी पता लगाने का प्रयास कर सकती है कि दोनों वास्तव में किस वाहन से कार्यालय पहुंचे थे।

फिलहाल जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। डीआईजी की टीम द्वारा जुटाए जा रहे साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment