पहचान छिपाकर युवती से मिलने पहुंचा युवक, विरोध पर मारपीट
मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर युवती से मिलने पहुंचे एक युवक पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। युवती के विरोध के बाद मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सदर बाजार थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। बाद में युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार, रविंद्रपुरी निवासी सोहेल पर आरोप है कि उसने अपनी पहचान छिपाकर नौचंदी क्षेत्र की रहने वाली युवती से दोस्ती की थी। सोमवार को उसने युवती को पाइन पार्क में मिलने के लिए बुलाया। इसी दौरान युवती को उसकी वास्तविक पहचान की जानकारी हुई। युवती ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर जुटे लोग
मारपीट के दौरान युवती ने शोर मचाकर मदद मांगी। वहां मौजूद एक युवक ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने युवती को अपनी पत्नी बताया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
थाने में कार्यकर्ताओं का हंगामा
घटना की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी सदर बाजार थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक गहमागहमी हुई। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई।
मां की तहरीर पर मुकदमा
घटना की जानकारी मिलने पर युवती की मां भी थाने पहुंचीं। बाद में उनकी ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। इसके आधार पर सदर बाजार पुलिस ने आरोपी सोहेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसएचओ अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। युवती के बयान दर्ज कराने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment