शास्त्रीनगर सेटबैक विवाद में मेरठ बंद को झटका
संयुक्त व्यापार संघ ने समर्थन लिया वापस
प्रशासन से सकारात्मक बातचीत का हवाला, अजय और नवीन गुप्ता गुट बोले- फिलहाल बंद की जरूरत नहीं
मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के सेटबैक प्रकरण को लेकर संघर्ष समिति की ओर से 2 सितंबर को प्रस्तावित मेरठ बंद को उस समय झटका लगा, जब संयुक्त व्यापार संघ के अजय गुप्ता और नवीन गुप्ता गुट ने बंद से अपना समर्थन वापस लेने की घोषणा कर दी। दोनों गुटों का कहना है कि प्रशासन और शासन स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक बातचीत चल रही है, इसलिए फिलहाल बंद करना उचित नहीं है।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर के नेतृत्व में पिछले दिनों शहर के अलग-अलग बाजारों में जनसंपर्क कर व्यापारियों से 2 सितंबर के बंद को सफल बनाने की अपील की जा रही थी। इसी बीच संयुक्त व्यापार संघ के दोनों गुटों के रुख में बदलाव आया है।
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि प्रशासन व्यापारियों के हित में प्रयास कर रहा है और बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। ऐसे में व्यापारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बातचीत और सकारात्मक प्रयास जारी रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि आवास विकास परिषद की ओर से भी कार्रवाई के संबंध में 21 सितंबर तक का समय दिया गया है। इसके अलावा 4 सितंबर को जन्माष्टमी का पर्व है, इसलिए वर्तमान परिस्थितियों में मेरठ बंद करना उचित नहीं होगा। भविष्य में जरूरत पड़ने पर व्यापारियों के हित में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
वहीं, नवीन गुप्ता गुट के उपाध्यक्ष तरुण गुप्ता ने भी बंद से समर्थन वापस लेने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ बातचीत चल रही है और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भी 21 सितंबर तक कार्रवाई के लिए मिले समय और आगामी पर्व को समर्थन वापस लेने के प्रमुख कारणों में शामिल बताया।
उधर, संघर्ष समिति की ओर से 2 सितंबर के प्रस्तावित बंद को लेकर जनसंपर्क अभियान जारी है। समिति के पदाधिकारी विभिन्न बाजारों में व्यापारियों से संपर्क कर बंद के समर्थन की अपील कर रहे हैं। ऐसे में संयुक्त व्यापार संघ के दोनों गुटों के समर्थन वापस लेने से बंद की तैयारियों को बड़ा झटका लगा है।


No comments:
Post a Comment