दिल्ली के नामी स्कूल में 3 साल की बच्ची से यौन शोषण

 चार बार वारदात का आरोप; स्कूल बस ड्राइवर गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली के बवाना इलाके के एक प्रतिष्ठित स्कूल में तीन साल की नर्सरी छात्रा के साथ यौन शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल बस ड्राइवर ने चॉकलेट का लालच देकर बच्ची का कई बार यौन शोषण किया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों को घटना की जानकारी 19 अगस्त की रात हुई, जब बच्ची के निजी अंगों पर चोट के निशान दिखाई दिए। मां के पूछने पर बच्ची ने स्कूल में मौजूद एक “बैड अंकल” के बारे में बताया, जो उसे चॉकलेट देता था।

फोटो और CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

बच्ची आरोपी का नाम नहीं बता पा रही थी। इसके बाद परिजनों ने स्कूल प्रशासन को मामले की जानकारी दी। 24 अगस्त को स्कूल में बच्ची को कुछ लोगों की तस्वीरें और CCTV फुटेज दिखाए गए, जिनमें उसने स्कूल बस ड्राइवर विकास की पहचान की।

पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई। आरोपी को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, विकास करीब आठ महीने से स्कूल बस चला रहा था।

CCTV में चॉकलेट लेकर घूमता दिखा आरोपी

पुलिस की शुरुआती जांच में आरोप है कि आरोपी बच्ची का बाथरूम जाते समय पीछा करता था और उसे चॉकलेट देता था। इसके बाद सीढ़ियों के नीचे उसके साथ यौन शोषण करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची के साथ चार बार वारदात होने की बात सामने आई है।

आरोपी का मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। जांच में मोबाइल से छोटे बच्चों को चॉकलेट खिलाते हुए कई वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इन वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चों की पहचान कर उनकी काउंसलिंग कराने की प्रक्रिया में जुटी है। स्कूल परिसर के CCTV फुटेज भी जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं।

खाली स्लीपर बस में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप

इसी बीच दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में भी छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ खाली स्लीपर बस के अंदर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मामले में बस ड्राइवर और कंडक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts