प्रदेश में कल से सक्रिय होगा मानूसन

आज इन 59 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट जारी
लखनऊ (एजेंसी)।यूपी में ठहरा हुआ मानसून एक बार फिर से सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से पूरे प्रदेश में एक बार फिर से बारिश होनी शुरू होगी।  मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की बारिश से ही लोगों को संतोष करना पड़ा है। कम बारिश और तेज धूप के कारण उमस भरी गर्मी फिर बढ़ गई है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 7 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होगा और प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है। इससे उमस से राहत मिलने के साथ तापमान में भी गिरावट आएगी।
रविवार को वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, इटावा, सुल्तानपुर, बरेली और मेरठ समेत करीब दस जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क व उमस भरा बना रहा।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना कम है। केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश से लगे दक्षिणी यूपी, विंध्य और बुंदेलखंड के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने के आसार हैं।

इन जिलों में है गरज चमक और वज्रपात की चेतावनी
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ी है। इसके चलते 7 जुलाई से लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में रुक-रुककर अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts