रेरा के मेरठ मंडल संवाद कार्यक्रम में बिल्डरों व एजेंटों ने रखीं समस्याएं, समाधान पर हुआ मंथन
मेरठ। उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (रेरा) का मेरठ मंडल संवाद कार्यक्रम गुरुवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के अटल सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेरठ मंडल के बिल्डरों, रियल एस्टेट एजेंटों तथा मेरठ विकास प्राधिकरण (मेड़ा) के अधिकारियों ने भाग लेकर हाउसिंग सेक्टर से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में रेरा मुख्यालय लखनऊ से सदस्य अबरार अहमद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने रेरा के प्रावधानों, पारदर्शिता, उपभोक्ता हितों की सुरक्षा तथा परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही बिल्डरों और एजेंटों की ओर से उठाई गई समस्याओं को सुनकर उनके व्यावहारिक समाधान पर विचार-विमर्श किया गया।
संवाद कार्यक्रम में मेड़ा के उपाध्यक्ष संजय मीणा, क्रेडाई मेरठ के अध्यक्ष अतुल गुप्ता, वरुण अग्रवाल सहित रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से बिल्डरों, एजेंटों और नियामक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे आवासीय परियोजनाओं के विकास और खरीदारों के हितों की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। संवाद कार्यक्रम में डीएम डा. वी के मीणा व मंडलायुक्त ने भी शिरकत की।



No comments:
Post a Comment