बेंगलुरु में हिस्ट्रीशीटर की बीच सड़क पर फिल्मी स्टाइल में मर्डर
देर तक किया पीछा; फिर सड़क पर ही काट डाला
बेंगलुरु। आईटी हब कहे जाने वाले बेंगलुरू के शहर जेपी नगर इलाके में एक व्यक्ति का फिल्मी स्टाइल में मर्डर कर दिया गया। मृतक हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, जिसकी बीच सड़क पर कई बार हमला करके हत्या कर दी गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी, व्यक्ति को घसीटते हुए सड़क के बीच में ले जाते हैं और उसपर कोयते जैसे धारदार हथियार से कई बार हमला करते हैं। इसके बाद सभी आरोपी उसे वहीं छोड़कर खुद एक कार में सवार होकर वहां से फरार हो जाते हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
दरअसल, आपसी रंजिश के एक मामले में शनिवार शाम को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां बेंगलुरु के जेपी नगर में हथियारों से लैस हमलावरों ने पीछा करने के बाद कथित तौर पर एक हिस्ट्रीशीटर की हत्या कर दी। हिस्ट्रीशीटर की हत्या बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में की गई। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
कोयते से कई बार किया हमला
बताया जा रहा है कि हत्या, हत्या की कोशिश और लूटपाट के मामलों में आरोपी 'राउडी-शीटर' राजू उर्फ हल्लू मुराका राजा (48) शाम करीब साढ़े पांच बजे चाय पीकर घर लौट रहा था, तभी 5 लोगों की एक गैंग ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जब वह बाल कटवाने के लिए एक सैलून में गया था, तो गैंग के लोग वहीं उसका इंतजार कर रहे थे। वे लोग चाय की दुकान तक उसके पीछे गए और घर लौटते समय उस पर हमला कर दिया। उन्होंने राजू का पीछा किया और एक व्यस्त सड़क पर कई बार उस पर वार किए, और फिर वहां से भाग गए।
पुरानी रंजिश में की हत्या
पुलिस को शक है कि यह हत्या लगभग एक दशक पहले बनाशंकरी के हिस्ट्री-शीटर ‘स्टैंड’ कुट्टी की हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी। राजू उस हत्या का आरोपी था और उसने गैंगस्टर बल्लारी शिवा के साथ जेल में समय बिताया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा हत्यारों को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश भी दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।


No comments:
Post a Comment