जुलूस ए जुलजनाह में ज़ोरदार मातम, सोयम आज

  मेरठ। अशरा ए मुहर्रम के दूसरे दिन शनिवार को लोहिया नगर स्थित इमामबारगाह हजरत अबू तालिब से मौलाना अम्मार हैदर रिज़वी की तकरीर के बाद  जुलजनाह व अलम-ए-मुबारक का जुलूस बरामद हुआ। 

यह जुलूस ईदगाह से गुजरता हुआ करबला (चन्दौड़ी) पहुंचकर सम्पन्न हुआ। जुलूस में गिजाल रज़ा, जावेद रजा, अयाज़ हुसैन और सफदर अली ने नोहे पढ़े। जुलूस में अन्जुमन ज़ुल्फिकार ए हैदरी (लोहिया नगर) व आसपास से आए हुसैनी सोगवारों ने मातम कर शोहदा ए करबला को खिराज ए अकीदत पेश की। जुलूस में अली हैदर रिज़वी, फर्रूख रजा, अज़मत अली, जुल्फिकार अली, अफसर अली, मुसर्रत अली, जावेद, कमर अब्बास, आल ए मुहम्मद, तकी नवाब, राशिद, हैदर अब्बास रिज़वी मुख्य रूप से मौजूद रहे। सैयद इकबाल हुसैन सफवी (मरहूम) के अज़ाखाने हुसैनाबाद तथा इमामबारगाह पंजतनी में खादिमाने अज़ा की ओर से यौम ए जैनब के उन्वान से आयोजित  मजलिस में मौलाना जाफर रिज़वी ने कहा कि शोहदा ए करबला की शहादत के बाद जनाबे जै़नब ने ही अज़ादारी की बुनियाद डाली। इससे पूर्व दानिश मेरठी की निजामत में आयोजित मजलिस में सुहेल काज़मी ने सोज़ख्वानी तथा अर्शी नकवी, नजर अब्बास और शारूख हसन ने नोहेख्वानी की। मुहर्रम कमेटी के मीडिया प्रभारी अली हैदर रिज़वी ने बताया कि रविवार को  हजरत इमाम हुसैन और शोहदा ए करबला के सोयम की मजलिसें आयोजित होंगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts