योग और पर्यावरण संरक्षण का संगम

 आर्ट ऑफ लिविंग ने दिया ‘हर घर योग, हर दिन योग’ का संदेश

मेरठ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर मेरठ में योग, ध्यान और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। आर्ट ऑफ लिविंग मेरठ की ओर से टी.ओ.के. (टेम्पल ऑफ नॉलेज), बिजली बंबा बाईपास पर विशेष योग, प्राणायाम, ध्यान एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन के लिए योग की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योगाभ्यास के दौरान पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का माहौल बना रहा।

योग कार्यक्रम के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। प्रतिभागियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के एपेक्स मेंबर एवं वरिष्ठ शिक्षक डॉ. शिवकांत अग्रवाल ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, भावनाओं और चेतना को संतुलित करने वाली संपूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं, जिससे तनावमुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में मदद मिलती है।

उन्होंने बताया कि श्री श्री रविशंकर का संदेश है कि योग व्यक्ति को स्वयं से, समाज से और प्रकृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। योग दिवस का उद्देश्य केवल एक दिन योग करना नहीं, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है।

कार्यक्रम में बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में योग और ध्यान मानसिक संतुलन बनाए रखने के प्रभावी साधन हैं। गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के आह्वान का उल्लेख करते हुए लोगों से योग को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की गई।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने “हर घर योग, हर दिन योग”, “एक व्यक्ति, एक पौधा” तथा “तनाव मुक्त मन, स्वस्थ समाज” का संकल्प लिया। साथ ही योग और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts