समस्तीपुर में घर मे ंसोते समय युवक की ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर हत्या 

खिड़की से दिया हमलावरों ने घटना को अंजाम 

समस्तीपुर । बिहार के समस्तीपुर में देर रात एक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने रात में अपने घर में सो रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिससे उसके सीने में 5 गोलियां लगीं। घटना समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना इलाके के मोरवा डीह की है। जहां वार्ड संख्या-11 में मोनू झा नाम के युवक की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान प्रमोद झा के बेटे मोनू झा उर्फ मास्टर के रूप में की गई है।

घटना के बारे में मृतक के परिजनों ने बताया कि मोनू झा अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान देर रात बदमाशों ने खिड़की से उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि मोनू को पांच गोलियां लगीं। गोली लगने के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मोनू झा को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस घटना के बारे में एसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया, "मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मोरवा में बीते रात मोनू झा उर्फ मास्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। परिवार के सदस्यों ने हत्या कर भाग रहे बदमाशों की पहचान बताई है जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक का भी अपराधिक इतिहास रहा है वो जेल से कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। घटनास्थल पर DIU और एफएसएल की टीम पहुंची है और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।" 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। लेकिन इस घटना के बादे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts