विपिन हत्याकांड:
15 साल पुराना दोस्त ही निकला हत्यारा
शराब पी और सिर में दनादन मारी ईंट, फिर घर जाकर सो गया
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक की उसके ही दोस्त ने शराब के नशे में ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना न्यू गोविंदपुरी निवासी विपिन (35) के साथ हुई, जिसका शव सोमवार सुबह लाला मोहम्मदपुर गांव के एक खाली मैदान में मिला था। शव के ऊपर उसकी बाइक भी पड़ी हुई थी।
ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि विपिन की हत्या उसके दोस्त तालिब, जो लाला मोहम्मदपुर गांव का रहने वाला है, ने शराब के नशे में की। दोनों के बीच रविवार रात शराब पीते समय कहासुनी हुई, जिसके बाद तालिब ने गुस्से में पास पड़ी ईंट से विपिन के सिर पर कई बार वार कर दिए। इस हमले में विपिन की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी तालिब ने बताया कि उसकी और विपिन की लगभग 15 वर्ष पुरानी दोस्ती थी। रविवार देर शाम दोनों ने मिलकर शराब पी। शराब के अधिक सेवन के बाद दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई, हालांकि बाद में उन्होंने समझौता कर लिया था। लेकिन, कुछ देर बाद तालिब ने अचानक ईंट उठाकर विपिन पर हमला कर दिया। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी तालिब मौके से फरार हो गया।
उसने बताया कि वह पैदल ही अपने घर पहुंचा, जहां उसने खून से सने कपड़े बदले और उन्हें फेंक दिया। इसके बाद उसने खाना खाया और सो गया। पुलिस ने जब आरोपी के घर दबिश दी, तो उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस की कार्रवाई
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के अनुसार, पुलिस विपिन के मोबाइल की जांच के आधार पर आरोपी तालिब तक पहुंची। हत्या में प्रयुक्त ईंट और आरोपी के कपड़ों को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक विपिन के भाई की तहरीर पर हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
हिंदू संगठनों का विरोध
आरोपी तालिब के दूसरे समुदाय का होने के कारण, सोमवार शाम को हिंदू संगठन के लोग थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। उन्होंने कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
परिजनों का दर्द
मृतक विपिन के भाई सुगम ने बताया कि विपिन मजदूरी करता था और रविवार शाम को मजदूरी करके घर लौटा था। करीब सात बजे वह अपने दोस्त तालिब के साथ गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। परिजनों ने पूरी रात उसे तलाशने का प्रयास किया। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।


No comments:
Post a Comment