आसनसोल में  स्ट्रॉन्ग रूम के पास मिला संदिग्ध लिफाफा

 अंदर निकला मोबाइल फोन, काउंटिंग से पहले मचा हड़कंप

कोलकाता ,एजेंसी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती कल होगी। चुनावी नतीजों को लेकर बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त है। आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम परिसर के पास उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब एक संदिग्ध गाड़ी से सीलबंद लिफाफे के अंदर एक स्विच ऑफ मोबाइल फोन बरामद किया गया। गाड़ी पर रानीगंज विधानसभा केंद्र संख्या 278 अंकित था।

बताया जा रहा है कि जैसे ही यह गाड़ी स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में प्रवेश करने लगी, वहां मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने संदेह के आधार पर उसे रोक लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर एक सीलबंद लिफाफा मिला। जब उस लिफाफे को खोला गया, तो उसमें रानीगंज विधानसभा केंद्र से संबंधित कुछ दस्तावेजों के साथ एक स्विच ऑफ मोबाइल फोन पाया गया।

अधिकारियों ने नहीं दिया संतोषजनक जवाब

मौके पर मौजूद लोगों ने जब चुनाव अधिकारी से इस बारे में सवाल किया कि सीलबंद लिफाफे के अंदर मोबाइल फोन कैसे मौजूद है, तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। अधिकारी ने खुद को इंफ्रास्ट्रक्चर प्रभारी बताया, लेकिन वह यह स्पष्ट नहीं कर सके कि लिफाफे में मोबाइल फोन कैसे आया?

अब चुनाव आयोग से की जाएगी शिकायत

इस घटना के बाद कुछ समय के लिए परिसर में तनाव का माहौल बन गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने इस पूरे मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts