गंगानगर थाने पर भाकियू टिकैत का अनिश्चितकालीन धरना

 छात्र से मारपीट का आरोप, अधिकारियों ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन 

मेरठ। गंगानगर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर एक छात्र के साथ मारपीट के गंभीर आरोप लगने के बाद माहौल गरमा गया है। आरोपों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

संगठन का आरोप है कि बुलंदशहर निवासी छात्र अभिषेक के साथ गंगानगर थाने में तैनात तीन सिपाहियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट की गई, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना की शिकायत करने पर छात्र और उसके परिजनों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

घटना के बाद स्थिति को देखते हुए थाने पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर पुलिस अधिकारियों और किसान यूनियन के पदाधिकारियों के बीच बातचीत जारी है ताकि मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में और शांतिपूर्ण बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts