विनेश फोगाट का बड़ा आरोप
बोलीं– बृजभूषण के शोषण की मैं भी विक्टिम, गोंडा में टूर्नामेंट को लेकर जताई आशंका
नई दिल्ली। विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि वे उन छह महिला पहलवानों में शामिल हैं जिन्होंने शोषण को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी और उनकी गवाही कोर्ट में चल रही है।
विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के गोंडा में 10 से 12 मई के बीच होने वाले सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट को लेकर उन्हें आशंका है। उन्होंने कहा कि यह स्थान बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव वाला क्षेत्र है, ऐसे में वहां प्रतियोगिता में हिस्सा लेना उनके लिए मानसिक रूप से कठिन होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगिता के दौरान निर्णय प्रक्रिया, रेफरी चयन और मैचों के परिणाम तक पर प्रभाव डाला जा सकता है। विनेश ने कहा कि उन्हें भरोसा नहीं है कि खिलाड़ियों को पूरी निष्पक्षता मिलेगी।
विनेश ने यह भी कहा कि तीन साल पहले उन्होंने और अन्य महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के खिलाफ जंतर-मंतर पर धरना दिया था और मामला अभी भी कोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनकी टीम प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी, लेकिन अगर किसी खिलाड़ी के साथ किसी भी तरह की अनियमितता होती है तो उसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
गौरतलब है कि विनेश फोगाट पहले भी बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं, जिसके बाद देशभर में पहलवानों ने विरोध प्रदर्शन किया था। वर्तमान में यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।


No comments:
Post a Comment