तीन टोल प्लाजा के अनुबंध में 30 करोड़ की स्टांप चोरी, वसूली जीरो
मेरठ। मेरठ में तीन टोल प्लाजा के अनुबंध में लगभग 30 करोड़ रुपये की स्टांप की कमी पकड़ी गई थी। इस मामले में अभी तक स्टांप शुल्क वसूली नहीं हुई । जबकिसुप्रीम कोर्ट ने विभिन्न मार्गों के टोल प्लाजा पर टोल वसूली के लिए निजी एजेंसियों के साथ होने वाले अनुबंध पर भी निर्धारित स्टांप शुल्क अदा करने का आदेश दिया था। उक्त आदेश के तहत मेरठ जनपद में भी तीन टोल प्लाजा के अनुबंध प्राप्त कर उनमें लगभग 30 करोड़ रुपये की स्टांप की कमी पकड़ी गई थी।
इस संबंध में पांच स्टांप वाद दायर किए गए, लेकिन अभी तक किसी में स्टांप शुल्क वसूली नहीं हुई है। दिल्ली-देहरादून हाईवे के अनुबंध में 25.13 करोड़ रुपये के स्टांप शुल्क की कमी का मुकदमा 2020 में दर्ज किया गया था। ये सभी मुकदमे एडीएम वित्त के न्यायालय में लंबित हैं।
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर गांव सिवाया स्थित टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली वेस्टर्न यूपी टोलवे कंपनी करती है। इस कंपनी का एनएचएआइ के साथ जो अनुबंध हुआ उसमें 25.13 करोड़ रुपये स्टांप शुल्क की कमी मिली थी। कंपनी से इस राशि की वसूली के लिए निबंधन विभाग द्वारा 20 जुलाई 2020 को स्टांप वाद योजित किया गया।मुकदमे की सुनवाई का जिम्मा डीएम ने एडीएम वित्त को सौंपा थी। लगभग छह साल बाद भी इस राशि की वसूली नहीं हुई है।
चारों अनुबंध में 4.19 करोड़ स्टांप शुल्क की कमी मिली। इनमें दो स्टांप वाद सितंबर 2025 में, एक वाद जनवरी और एक वाद फरवरी 2026 में दर्ज किया गया। ये चारों मुकदमे भी एडीएम वित्त के न्यायालय में विचाराधीन हैं। इनमें भी कोई निर्णय अथवा वसूली नहीं हुई है।
हापुड़ में दर्ज है मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे के टोल का 254 करोड़ का स्टांप वाद
मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे का काशी टोल प्लाजा मेरठ जनपद की सीमा में काशी गांव के अंतर्गत है। इस मार्ग पर टोल वसूली के अनुबंध की प्रति हापुड़ जनपद के निबंधन अधिकारियों ने प्राप्त करके वहीं पर 254 करोड़ की भारी भरकम राशि का स्टांप वाद दर्ज किया है। इसकी प्रक्रिया हापुड़ जनपद में संचालित है।
भैंसा और भूनी टोल पर दर्ज हैं चार मुकदमे
वर्ष 2025 में शासन ने टोल प्लाजा के अनुबंध में स्टांप शुल्क की चोरी पकड़कर वसूली करने का आदेश दिया था। जिलाधिकारी के आदेश के बाद मेरठ-करनाल हाईवे के भूनी टोल प्लाजा के तीन और मेरठ-पौड़ी हाईवे के भैंसा (मवाना खुर्द के पास) टोल प्लाजा का एक अनुबंध प्राप्त हुआ।
टोलवार बकाया स्टांप शुल्क
टोल प्लाजा और एजेंसी का नाम------ स्टांप वाद की तिथि---- -स्टांप चोरी की राशि
1. सिवाया टोल प्लाजा मैसर्स वेस्टर्न यूपी टोलवे-----20 जुलाई 202 0-----25.13 करोड़
2. भैंसा टोल प्लाजा मैसर्स रेणु--------- -6 सितंबर 2025------47.43 लाख
3. भूनी चोल प्लाजा धर्म सिंह------ -26 सितंबर 2025------1.85 करोड़
4. भूनी टोल प्लाजा बंशी लाल गुप्ता----- 6 फरवरी 2026-----1.85 करोड़
5. भूनी टोल प्लाजा मैसर्स सूर्या इंटरनेशनल प्रा. लि.-----10 जनवरी 2026----48,120
इन्होंने कहा.....
टोल प्लाजा के अनुबंध में स्टांप चोरी के मामलों में धीमी सुनवाई के कारणों की जानकारी की जाएगी। सुनवाई की गति को बढ़ाकर इनमें जल्द निर्णय करने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया जाएगा।
-डा. वी के सिंह, जिलाधिकारी


No comments:
Post a Comment