मेरठ की जीलू का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, देश में इकलौती छात्रा, जिसे अंग्रेजी में मिले पूरे 100 नंबर

अंग्रेजी शिक्षिका नीता कपूर ने छात्रा मेहनत को सराहा

 मेरठ। प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर मेरठ के सिटी वोकेशनल स्कूल की  छात्रा जीलू उपाध्याय ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा 2026 में ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जिस पर पूरा शहर गर्व कर रहा है।

छात्रा जीलू ने अंग्रेजी विषय में 100 में 100 अंक हासिल कर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। सीबीएसई की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष देश भर के विद्यार्थियों में केवल एक को अंग्रेजी में पूरे 100 अंक मिले हैं। जीलू इस वर्ष अंग्रेजी विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त करने वाली देश की इकलौती छात्रा हैं।

जीलू के पिता नरेंद्र कुमार भारतीय सेना के पूर्व सैनिक हैं। वह सेना की इंजीनियरिंग रेजिमेंट में सैपर के पद पर कार्यरत रहे हैं। उनकी माता पारुल देवी गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली जीलू ने अपनी असाधारण उपलब्धि से यह साबित कर दिया कि लगन और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

पहले विश्वास नहीं हुआ, फिर खुशी का नहीं रहा ठिकाना 

जीलू ने बताया कि जब उन्हें अंग्रेजी में पूरे 100 अंक मिलने की जानकारी मिली तो पहले उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। परिणाम देखने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। जीलू ने बताया कि उनका पसंदीदा विषय अंग्रेजी है और उन्होंने अधिकांश तैयारी सेल्फ स्टडी के जरिए की। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों को बार-बार हल किया, हर अध्याय को गहराई से समझा और विषय पर पूरा फोकस रखा। उनका कहना है कि सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता, नियमित अभ्यास ही असली कुंजी है।

दिल्ली विश्वविद्यालय से बीबीए करने का सपना

जीलू ने परीक्षा परिणाम जारी होने वाले दिन ही में सीयूईटी भी दी है। उन्होंने अकाउंट्स, इकोनोमिक्स, बिजनेस स्टडीज और अंग्रेजी विषयों के साथ परीक्षा दी थी। अब उनका सपना दिल्ली विश्वविद्यालय से बीबीए करने का है। उनकी रुचि बिजनेस और फाइनेंस के क्षेत्र में है और भविष्य में वह एक सफल व्यवसायी बनना चाहती हैं।

पढ़ाई के अलावा जीलू को वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भाग लेना पसंद है। साहित्य पढ़ने का भी उन्हें विशेष शौक है। उनकी पसंदीदा उपन्यासों में लिटिल प्रिंसेस, आलमंड, सीक्रेट गार्डन आदि शामिल हैं। जीलू के बड़े भाई कार्तिक कुमार मेरठ के विषय इंजीनियरिंग कालेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं।

अंग्रेजी शिक्षिका की मेहनत और छात्रा का समर्पण बना सफलता का सूत्र

जीलू की अंग्रेजी शिक्षिका नीता कपूर ने बताया कि पूरे वर्ष छात्रा के साथ लगातार मेहनत की, जिसका यह शानदार परिणाम सामने आया। उन्होंने कहा कि जीलू बेहद शांत स्वभाव की, अनुशासित और कक्षा में ध्यानपूर्वक सुनने वाली छात्रा रही हैं।

सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल की अंग्रेजी विभागाध्यक्ष नीता माथुर ने कहा कि देश की करोड़ों छात्राओं के बीच जीलू उपाध्याय ने परफेक्ट 100 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया है। यह सिर्फ एक स्कोर नहीं, बल्कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास का प्रमाण है।

उत्कृष्टता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि लगातार प्रयास, अवधारणाओं की स्पष्ट समझ और परिवार व शिक्षकों के सहयोग से हासिल होती है। जीलू ने हर उत्तर को कम से कम 10 बार लिखकर अभ्यास किया, बार-बार सुधार कराया और खुद को लगातार बेहतर बनाया।

बताया कि अन्य विद्यार्थियों के साथ भी समान मेहनत की, लेकिन जीलू ने जिस समर्पण के साथ खुद को निखारा, वही उनकी सफलता का सबसे बड़ा कारण बना। यह हर छात्र के लिए प्रेरणा है कि सफलता मेहनत से अर्जित की जाती है। कहा कि जीलू की यह उपलब्धि मेरठ ही नहीं, पूरे देश के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

जीलू के विषयवार अंक

अंग्रेजी कोर : 100/100 (थ्योरी 80, प्रैक्टिकल 20)

इकोनोमिक्स : 95/100 (थ्योरी 75, प्रैक्टिकल 20)

अकाउंटेंसी : 92/100 (थ्योरी 72, प्रैक्टिकल 20)

एप्लाइड मैथेमेटिक्स : 90/100 (थ्योरी 70, प्रैक्टिकल 20)

बिजनेस स्टडीज : 87/100 (थ्योरी 67, प्रैक्टिकल 20)

अतिरिक्त विषय:

हिंदुस्तानी म्यूजिक वोकल : 96/100 (थ्योरी 26, प्रैक्टिकल 70)

सह-शैक्षणिक विषयों में भी ए-1 ग्रेड:

वर्क एक्सपीरियंस, हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन, जनरल स्टडीज।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts