Sunday, 5 April 2026

बहन के प्रेमी ने शराब में मिलाया था साइनाइड

 


तिहरा हत्याकांड

 बहन के प्रेमी ने शराब में मिलाया था साइनाइड

भाई के साथ दो दोस्त भी मारे गए, ये है पूरी कहानी

मेरठ। दौराला में अंकित और उसके दो साथियों की शराब पीने के बाद मौत हो गई। पहले लगा कि शराब जहरीली थी। मगर जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पता चला कि उसमें जहर मिलाया गया था। 

 मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित शराब कांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। एसएसपी अविनाश पांडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि शराब पिलाकर तीन लोगों की हत्या के पीछे एक खूनी साजिश थी। इसमें मृतक अंकित की सगी बहन अलका, उसका प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति शामिल है। पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि मृतक अंकित की बहन अलका का पवन नामक व्यक्ति से प्रेम संबंध था। अंकित अक्सर अपनी बहन अलका के साथ मारपीट करता था और उसके प्रेम संबंधों का विरोध करता था। इस बात से तंग आकर अलका ने अपने प्रेमी पवन के साथ मिलकर अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

साइनाइड का ज़हर और शराब

योजना को अंजाम देने के लिए पवन ने अपने एक परिचित अशोक से साइनाइड नामक ज़हर मंगवाया। पवन ने उस ज़हर को एक शराब के टेट्रा पैक में मिला दिया और अंकित को पीने के लिए दे दिया। अंकित ने इस जहरीली शराब का सेवन अपने साथी स्पेलर कारोबारी बाबूराम और जितेंद्र के साथ बैठकर किया। शराब पीते ही तीनों की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में तीनों की मौत हो गई।

गिरफ्तारी और खुलासा

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। गहन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक अंकित की बहन अलका, उसके प्रेमी पवन उर्फ पोनी और साइनाइड जहर लाने वाले अशोक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से साइनाइड और अन्य संबंधित सामग्री भी बरामद की है।

पुलिस की कार्रवाई

एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि यह एक सुनियोजित हत्या का मामला था। आरोपियों ने मिलकर तीन निर्दोष लोगों की जान ली। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में रिश्तों की कड़वाहट और अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई है।

ये है मामला

यूपी के मेरठ स्थित दौराला में शराब पीने के बाद बाबूराम प्रजापति, जितेंद्र कश्यप व अंकित उर्फ दौलत की मौत हो गई। पहले सभी को लगा कि शराब मौत की वजह है। मगर जांच में सामने आया कि शराब में जहर मिलाकर दिया गया था। 

No comments:

Post a Comment