आबूलेन पर जूस कॉर्नर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

खम्भे से निकली चिंगारी दुकान तक पहुंची, दमकल की गाड़ी ने पाया आग पर काबू 

मेरठ।  मंगलवार देर शाम शहर के पाश बाजार आबूलेन पर एक जूस कॉर्नर में भीषण आग लग गई। आग लगते ही दुकान में मौजूद कर्मचारियों में खलबली मच गई। गनीमत रही कि वह ठीक समय पर बाहर निकल आए। आग ने पड़ोस की दो दुकानों को भी चपेट में लिया है।

मूलरूप से बहराइच के रहने वाले अहमद आबूलेन पर दिल्ली जूस कॉर्नर के नाम से दुकान चलाते हैं। मंगलवार शाम वह दुकान पर ही मौजूद थे। अचानक दुकान के एक कोने से आग की लपटे उठते देख उन्होंने शोर मचा दिया। इससे पहले कि वह कुछ कर पाते पूरी दुकान में आग फैलती चली गई।

आग का शोर मचते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा होने लगी। लोगों ने अपने आप ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग के साथ धुआं फैलने लगा था। लोगों ने बिना देरी किए पड़ोस की दो दुकानों से भी सामान निकालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।

देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। पूरे इलाके में धुआं ही धुआं फैलने लगा। इसके बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग बढ़ती देख लोगों ने खुद ही उस पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। आसपास के लोग घरों से पाइप ले आए और आग बुझाने में जुट गए।

फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी गई लेकिन करीब 40 मिनट बाद पहली गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक लोग पूरे बाजार से फायर उपकरण जुटाकर आग बुझाने में लग गए। जब तक दमकल की गाड़ी पहुंचती तब तक 90% आग पर काबू पाया जा चुका था। इसके बाद दमकल की दो गाड़ी वहां आ गई जिसने आग पर काबू पाया।

पड़ोस की दो दुकान आई चपेट में

जूस कॉर्नर के ठीक बराबर में दो और दुकान थी जिनमें कपड़ों का काम होता है। एक दुकान थापर नगर निवासी बबीता आनंद की है जो अपने बेटे अलख के साथ यहां बैठती हैं। उनके बराबर में अंकुर भी रेडीमेड गारमेंट की दुकान चलाते हैं। दोनों ही परिवार आग लगने की सूचना पर दुकान पर पहुंचे और जैसे तैसे करके अपनी दुकानों को खाली किया।

जब तक लोग आग पर काबू पाते तब तक आग ने पड़ोस की दुकानों के बाहर लगे बोर्ड और एयर कंडीशन भी चपेट में ले लिए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन तब तक जूस कॉर्नर में भारी नुकसान हो चुका था।

जूस कॉर्नर में रखे लाखों के फल जले

जूस कॉर्नर के बराबर में दुकान चलाने वाले अब्दुल सादिक ने बताया कि अहमद की दुकान में मौसमी, पाइनएप्पल, अंगूर, सेब, संतरे समेत बड़ी संख्या में फल की पेटियां मौजूद थीं। अहमद ने बताया कि आज भी एक छोटा हाथी भरकर फल दुकान में आए थे। यह फल आग की भेंट चढ़ गए हैं। थोड़ा बहुत सामान बचाया जा सका है।

विद्युत विभाग के विरूद्ध जताया आक्रोश

आग की सूचना पर मेरठ व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जीतू सिंह नागपाल भी पहुंच गए। उन्होंने इस हादसे के लिए विद्युत विभाग को जिम्मेदार ठहराया। जीतू ने कहा कि शहर के कई बाजारों में विद्युत पोल की हालत बहुत खराब है। यहां भी विद्युत पोल से निकली चिंगारी ने आग लगा दी। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं कर रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts