सकोती टांडा स्टेशन पर दिल्ली–हरिद्वार एक्सप्रेस के ठहराव की मांग तेज

मेरठ के नागरिकों की समस्याओं सुनकर सुनील भराला ने दिया आश्वासन रेल रोकने का 

मेरठ। सकोती टांडा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों, दैनिक यात्रियों एवं श्रमिकों ने गाड़ी संख्या 14303/04 दिल्ली–हरिद्वार एक्सप्रेस का सकोती टांडा स्टेशन पर पुनः ठहराव सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरोना काल से पूर्व उक्त ट्रेन का ठहराव सकोती टांडा स्टेशन पर होता था, जिसे बिना किसी स्पष्ट कारण के बंद कर दिया गया। इसके चलते क्षेत्र के हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, इस क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 500 से अधिक मासिक पास धारक यात्री दिल्ली एवं हरिद्वार के लिए यात्रा करते हैं। इसके अतिरिक्त, नगली तीर्थ स्थल होने के कारण यहां श्रद्धालुओं का आवागमन भी लगातार बना रहता है। इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव न होना जनहित के विपरीत माना जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों, श्रमिकों, व्यापारियों एवं विद्यार्थियों को रोजगार, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दूरस्थ स्टेशनों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अनावश्यक हानि हो रही है।

इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के  निवर्तमान राज्यमंत्री एवं राज्य श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष पं. सुनील भराला जी से अनुरोध किया है कि वे इस विषय में माननीय रेल मंत्री को अनुशंसा पत्र भेजकर सकोती टांडा स्टेशन पर उक्त ट्रेन का ठहराव पुनः सुनिश्चित कराने की पहल करें।

इस अवसर पर पं. सुनील भराला ने मेरठ क्षेत्र के नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे शीघ्र ही माननीय रेल मंत्री से भेंट कर इस विषय को उनके समक्ष रखेंगे तथा संबंधित ट्रेन का सकोती टांडा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराने का हर संभव प्रयास करेंगे।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि यह मांग पूरी होती है तो इससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts