कृषि विश्वविद्यालय में ड्रोन पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
मेरठ ।सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के प्रौद्योगिकी महाविद्यालय स्थित ड्रोन पायलट कम रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर द्वारा डीजीसीए अनुमोदित ड्रोन पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कुल 8 दिनों तक हाइब्रिड मोड में संचालित किया गया, जिसमें 6 दिन विश्वविद्यालय के कृषि प्रक्षेत्र में प्रत्यक्ष (फिजिकल) मोड में प्रतिभागियों को व्यापक हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर से भारतीय सेना की विभिन्न रेजीमेंट एवं इकाइयों के 14 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों में नायब सूबेदार, सूबेदार, हवलदार, सिपाही एवं अग्निवीर रैंक के सैनिक सम्मिलित रहे। प्रशिक्षण के दौरान ड्रोन संचालन, सुरक्षामानक, उड़ान पूर्व एवं उड़ान पश्चात निरीक्षण, कृषि क्षेत्र में ड्रोन के व्यावहारिक उपयोग तथा आपात कालीन परिस्थितियों से निपटने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
कुलपति के सफल नेतृत्व में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावीरूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संचालन में डॉ. पी. के. सिंह एवं डॉ. विकास सिंह सहित संपूर्ण टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। डीजीसीए प्रमाणित प्रशिक्षकों श्री इंद्रजीतकुमार, श्री आशुतोष रजावत एवं सुश्री अलका ने प्रतिभागियों को उच्च गुणवत्ता का तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस प्रशिक्षण बैच की सतत मॉनिटरिंग एवं मार्ग दर्शन प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रोफेसर जयवीर सिंह द्वारा किया गया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण की उपयोगिता की सराहना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कौशल विकास आधारित कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

No comments:
Post a Comment