ईडी दफ्तर पहुंचे अनिल अंबानी, हुई पूछताछ
नई दिल्ली (एजेंसी)।उद्योगपति अनिल अंबानी गुरुवार को दिल्ली स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय पहुंचे। उन्हें धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। ईडी ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मामले में यह कार्रवाई की है।
मामला सरकारी बैंकों से उनकी कंपनियों को मिले लोन में कथित गड़बड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। सीबीआई की 2019 की एफआईआर के आधार पर ईडी इस मामले की जांच कर रही है। एक दिन पहले ही जांच एजेंसी ने मुंबई के उनके 17 मंजिला घर 'अबोड' को कुर्क कर दिया था।
अनिल अंबानी रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के दूसरे दौर के लिए पहुंचे । आरोप है कि उनकी कंपनियों ने बैंकों से लिए लोन का डायवर्जन किया और विदेशी मुद्रा नियमों का उल्लंघन किया। इससे पहले अगस्त 2025 में उनसे पूछताछ हुई थी।
गौरतलब है कि जांच के सिलसिले में उनकी मुंबई की पाली हिल स्थित आवासीय संपत्ति 'एबोड' कुर्क की गई है। इस संपत्ति का मूल्य 3,716.83 करोड़ रुपये आंका गया है। ईडी के विशेष कार्य बल ने धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत यह कुर्की की। इससे पहले भी इस संपत्ति का 473.17 करोड़ रुपये का हिस्सा जब्त किया गया था। अनिल अंबानी पर धन शोधन का मामला चल रहा है।

No comments:
Post a Comment