रोहतक में आईजी दफ्तर के पास युवक की ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर  हत्या

 45 सेकंड में हमलावरों ने चलाईं 35 से 40 गोलियां

 रोहतक ।रोहतक में आईजी दफ्तर से सिर्फ 100 मीटर दूर सेक्टर-1 रोड पर सोमवार शाम बाइक सवार तीन शूटरों ने अंकित उर्फ बाबा गैंग के सोनीपत निवासी दिनेश उर्फ गोगा (24) की 30-35 गोलियां मारकर हत्या कर दी। गोगा के भाई ने अमेरिका में बैठे हिमांशु उर्फ भाऊ व उसके गुर्गों पर एफआईआर कराई है। इसी गैंग ने 2022 में गोगा के मामा हंसराज उर्फ हंसे की भी हत्या की थी।

सोमवार शाम हुई इस वारदात से पूरा शहर थर्रा उठा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोनीपत के निजामपुर माजरा का रहने वाला दिनेश उर्फ गोगा अपने एक साथी के साथ नोबल हॉर्ट अस्पताल के सामने कार के पास ही खड़े होकर कोल्ड ड्रिंक पी रहा था।

उसी दौरान सेक्टर-एक के ताऊ देवीलाल पार्क की तरफ से बाइक सवार तीन युवक आए। एक युवक बाइक पर चालू किए खड़ा रहा, दो ने उतरते ही गोगा पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोगा का साथी जान बचाकर भाग निकला। करीब 45 सेकंड में गोगा पर 35-40 गोलियां मारी गईं।

गोगा के शरीर में 30-35 गोलियों के लगने के निशान हैं। मौके पर लहूलुहान होकर गिरे गोगा को कुछ लोग निजी अस्पताल की एंबुलेंस से पीजीआई लेकर पहुंचे। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं।

भाई बोला- सन्नी रिटौलिया से दोस्ती के कारण कराई हत्या

गोगा के निजामपुरा निवासी भाई नितेश ने भाऊ व उसके गैंग के लोगों पर अर्बन स्टेट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। कहा है, गोगा की रिटौली निवासी बाबा के भाई सन्नी रिटौलिया से दोस्ती थी। इसी रंजिश के कारण भाऊ ने गैंग के लोगों से हत्या कराई है। उस वक्त वह घूमने के लिए दिल्ली बाईपास गया था।

2021 से चल रही है भाऊ और बाबा के बीच गैंगवार

रिटौली के भाऊ व बाबा गैंग के बीच 2021 से गैंगवार चल रही है। कभी दोनों अच्छे दोस्त हुआ करते थे। अंकित हत्या के ही मामले में अभी रोहतक जेल में बंद है। उसका भाई सन्नी रिटौलिया जेल से बाहर है। भाऊ अमेरिका से ही गैंग चला रहा है। गोगा रिटौली गांव का नाते में भांजा लगता है। गैंगवार के चलते ही गोगा के मामा हंसराज उर्फ हंसे की भी 2022 में हत्या की जा चुकी है।

गोगा का बड़ा भाई करता है खेती, पिता स्कूल में सुरक्षाकर्मी

गोगा के चाचा वीरेंद्र ने बताया कि दिनेश का बड़ा भाई नितेश खेती करता है जबकि पिता हरिपाल स्कूल में सुरक्षा गार्ड हैं।

रिटौली के शराब ठेके पर फायरिंग में मौत का भाऊ गैंग ने लिया बदला

हत्या को रिटौली के शराब ठेके पर 19 दिसंबर 2025 की शाम ताबड़तोड़ फायरिंग में मारे गए झज्जर के महराणा निवासी दिपांशु की हत्या का बदला बताया जा रहा है। बाबा के भाई सन्नी की पार्टनरशिप वाले इस ठेके में भाऊ गैंग के पांच-छह युवकों ने हमला किया था।

छाती व पेट में मारीं गोलियां

मौके पर पहुंची एफएसएल टीम को गोगा के शरीर की जांच में गोली लगने के 30 से ज्यादा निशान मिले हैं। अधिकांश गोलियां बेहद नजदीक से छाती और पेट पर मारी गई हैं। इनमें कई गोलियां पार भी हो गईं तो कुछ के शरीर में ही धंसे होने का शक है। कितनी गोलियां शरीर में हैं, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही लगेगा।

हत्यारों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित 

हत्यारोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। इनमें सीआईए-2 (अपराध जांच शाखा) भी शामिल है। जिले से बाहर जाने वाले रास्तों की नाकाबंदी करके तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। रवि खुंडिया, डीएसपी मुख्यालय, रोहतक

No comments:

Post a Comment

Popular Posts