सिपाही की बहादुरी को सलाम, आत्महत्या करने जा रही महिला को दरवाजा तोड़कर बचाया 

 भतीजी की कॉल पर 3 मिनट में पहुंची पुलिस

मेरठ। थाना परतापुर क्षेत्र के अछरौडा गांव में 112 पर तैनात पुलिस कर्मी की तत्परता के चलते एक महिला की जान को बचाया ।पति के साथ रोज के झगड़े से परेशान होकर महिला फांसी लगाने जा रही थी। घटना का वीडियो सामने आया है।

परतापुर थाना क्षेत्र के अछरौड़ा मोड रोड पर नौशाद रहते हैं। शाम 5 बजे उनकी पत्नी कशिश (28) खुद को कमरे में बंद करके सुसाइड करने जा रही थी। तभी कशिश के जेठ की बेटी रेणुका ने कमरे की खिड़की से अंदर झांककर देखा कि उसकी चाची फांसी लगा रही है।रेणुका ने फौरन घरवालों को चिल्लाकर बुलाया। घरवालों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया। लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।रेणुका ने फौरन डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहले कशिश के मोबाइल पर उसे कॉल किया। रास्ते भर टीम उसे कॉल करती रही कि किसी तरह कशिश फोन रिसीव कर ले, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। 112 की टीम 3 मिनट में ही मौके पर पहुंची। टीम ने देखा कि कशिश ने कमरे का दरवाजा अंदर से कुंडी लगाकर बंद कर रखा था।

लात मारकर तोड़ दिया दरवाजा

कॉन्स्टेबल नवीन ने लात मारकर दरवाजे की कुंडी तोड़ दी। अंदर कशिश को बचा लिया। कशिश अपने पति नौशाद, भतीजी रेणुका और सास, ससुर के साथ मुनन के यहां किराए के मकान में रहती है। पूछताछ में कशिश ने बताया- 2 साल पहले उसकी शादी नौशाद संग हुई थी। लेकिन पति, पत्नी में आए दिन झगड़ा होता रहता है।

ससुरालियों पर लगाया मारपीट का आरोप

महिला का आरोप है कि उसका पति, सास, ससुर उसे घर से बाहर निकालने का दबाव बना रहे हैं। वो इसी तनाव में रहती है। आज तो उसके ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। डिप्रेशन में आकर उसने सुसाइड करने का सोचा और यह कदम उठा लिया। वो फांसी लगाने ही वाली थी, तभी पुलिस मौके पर पहुंची महिला को सुसाइड करने से बचा लिया। कशिश और नौशाद के एक बेटी भी है। पति- पत्नी में पिछले डेढ़ साल से ये झगड़ा चल रहा है।

किराए के मकान नहीं, अपने मकान में रहने की जिद

कशिश ने बताया् पति बेलदारी करता है। दोनों के एक साल की एक बेटी है। शादी को लगभग दो साल हो चुके हैं। पिछले डेढ़ साल से दोनों के बीच झगड़ा चल रहा है।वहीं, ससुराल वालों का आरोप है कि बहू कशिश किराए के मकान में हमारे साथ रहना नहीं चाहती। वो रोजाना इसी बात पर झगड़ा करती है कि मुझे अपना मकान अलग चाहिए, वो इस किराए के मकान में नहीं रहेगी, हमारे साथ नहीं रहेगी। पुलिस ने पति, पत्नी की बात सुनने के बाद दोनों को समझाकर घर भेज दिया।

सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया- पुलिस को 112 नंबर पर महिला द्वारा सुसाइड करने की सूचना मिली थी। सूचना पर संबंधित पुलिस टीम, थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंची मौके पर देखा कि कमरे का दरवाजा महिला ने अंदर से बंद किया था, पुलिस टीम ने फौरन दरवाजा तोड़कर महिला को सुसाइड से बचाया। महिला का उसके पति और ससुरालियों से घरेलू विवाद था। इसके लिए पति, पत्नी को समझाकर वापस घर भेज दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts