आत्मरक्षा और जागरूकता छात्राओं की सबसे बड़ी शक्ति: प्रो. संगीता शुक्ला
सीसीएसयू परिसर के रानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स हॉस्टल में गरबा ईव का आयोजन
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विवि परिसर के रानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स हॉस्टल में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत गुरुवार को गरबा ईव का आयोजन हुआ। इसमें छात्राओं ने पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और भारतीय परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के साथ चीफ प्रॉक्टर प्रो. बीरपाल सिंह, चीफ वार्डन प्रो. दिनेश कुमार, वार्डन प्रो. बिंदु शर्मा, सहायक वार्डन डॉ. वंदना राणा और डॉ. दिव्या शर्मा भी शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि प्रो. अलका तिवारी रहीं। कुलपति ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण की एक सतत यात्रा है, जो छात्राओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आत्मरक्षा और जागरूकता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और वे समाज में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सकती हैं। प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना प्रदान करते हैं। चीफ वार्डन ने छात्रावास जीवन को अनुशासन, सुरक्षा और सहयोग का केंद्र बताया तथा छात्राओं से अपील की कि वे अपनी शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहें। रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक संगीत और गरबा नृत्य ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।


No comments:
Post a Comment